Wednesday, 14 December 2016

विजेंदर का ओलंपिक कांस्य पदक कोई मायने नहीं रखता: चेका

नयी दिल्ली: पेशेवर मुक्केबाजी में विरोधी को नीचा दिखाना कोई बड़ी बात नहीं लेकिन विजेंदर सिंह के डब्ल्यूबीओ एशिया प्रशांत के चैलेंजर तंजानिया के फ्रांसिस चेका ने इससे भी नीचे गिरते हुए इस खेल में भारत में पहले ओलंपिक पदक को कोई अहमियत नहीं दी।

स्पर्धा पूर्व ‘फेस आफ’ के दौरान चेका ने शाब्दिक बाण चलाते हुए अपने दुभाषिये के जरिये आज यहां कहा, ‘विजेंदर का ओलंपिक पदक कुछ भी नहीं है। मैं विश्व चैम्पियन और अंतर महाद्वीपीय चैम्पियन हूं। विजेंदर को 17 दिसंबर को पता चल जाएगा कि मैं क्यों विश्व चैम्पियन हूं। मुझे भारत के लिए दुख है कि उसने विजेंदर से लड़ने के लिए मुझे चुना। विजेंदर पहले ही डरा हुआ लग रहा है।’ इस दौरान विजेंदर के चेहरे पर व्यंग्यात्मक मुसकान देखी जा सकती थी।

तंजानिया के इस मुक्केबाज ने विदेशी सरजमीं पर सभी मुकाबले गंवाए हैं लेकिन इसके बावजूद विजेंदर ने सतर्क प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘17 दिसंबर की रात को पता चलेगा कि मैंने और ली बेयर्ड (ट्रेनर) ने कैसी ट्रेनिंग की है। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मेरा प्रतिद्वंद्वी कौन है। मैं 110 प्रतिशत तैयार हूं। मैं उसे दिखाउंगा कि कौन सर्वश्रेष्ठ है।’ फाइट के प्रमोटर आईओएस के नीरव तोमर ने कहा कि चैलेंजर कोई भी बन सकता है और विजेंदर को हर छह महीने में अपने खिताब का बचाव करना होगा और अगर वह हार जाता है तो डब्ल्यूबीओ सुपर मिडिलवेट टाइटल छिन जाएगा।

विजेंदर के मुकाबले के दिन पांच अंडर कार्ड मुकाबले भी होंगे। ओलंपियन अखिल कुमार और जितेंदर कुमार हालांकि इसका हिस्सा नहीं होंगे क्यांेकि उन्हें हरियाणा पुलिस ने स्वीकृति नहीं मिली है। अंडर कार्ड मुकाबलों में वेल्टरवेट में भारत के प्रदीप खरेरा का सामना ऑस्ट्रेलिया के स्काट एडवर्डस से होगा जबकि लाइटवेट में कुलदीप ढांडा की भिड़ंत इंडोनेशिया के एगी रोजटेन से होगी। क्रूजवेट में भारत के धर्मेंदर ग्रेवाल युगांडा के अबासी क्योबे, वेल्टरवेट में भारत के दीपक तंवर इंडोनेशिया के सुत्रियोनो बारा ब्वायज और लाइटवेट में भारत के राजेश कुमार युगांडा के मुबारक सेगुया से भिड़ेंगे।

Source:zeenewsindia.com

No comments:

Post a Comment