Saturday, 24 December 2016

सैन्य तंत्र की मजबूती के लिए 7100 करोड़ रुपए के रक्षा सौदे को मंजूरी

नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्र सरकार ने भारतीय तटरक्षक बल के लिए 6 स्वदेशी बहुउद्देशीय निगरानी विमानों और सेना के लिए डेढ़ हजार परमाणु, जैव और रासायनिक रक्षा प्रणालियों सहित 7100 करोड़ रुपए के रक्षा सौदों को शुक्रवार को मंजूरी दे दी।

रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की अध्यक्षता में हुई रक्षा खरीद परिषद की बैठक में इसके साथ ही सेना तथा वायु सेना के लिए अत्याधुनिक थ्रीडी रडार और वायु सेना के लिए एक भारी परिवहन विमान सी-17 ग्लोबमास्टर की खरीद को भी मंजूरी दी गई। वायु सेना के पास पहले से ही दस ग्लोबमास्टर विमान हैं।

रक्षा सूत्रों के अनुसार, बैठक में बहुप्रतिक्षित रक्षा खरीद नीति के सामरिक भागीदार मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई। इसके अलावा बैठक में मौजूदा रक्षा परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। इन सभी सौदों को आवश्यकता के अनुसार खरीद के आधार पर मंजूरी दी गई है। भारतीय तटरक्षक बल की समुद्री निगरानी क्षमता को बढ़ाने के लिए 5500 करोड़ रुपए की लागत से देश में ही निर्मित 6 बहुउद्देशीय अत्याधुनिक निगरानी विमानों की खरीद को मंजूरी दी गई है। इन विमानों का विकास तथा डिजायन रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा किया जाएगा।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment