जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। निर्यात के मोर्चे पर अब सकारात्मक रुख दिखने लगा है। लगातार तीसरे महीने निर्यात में वृद्धि दर्ज की गई है। नवंबर 2016 में देश से 20 अरब डालर का निर्यात किया गया जो पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 2.29 फीसद अधिक है। यह प्रदर्शन पेट्रोलियम और इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात में तेज वृद्धि के चलते हुआ है।
नवंबर में इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात में 14.10 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई। जबकि पेट्रोलियम उत्पादों की वृद्धि दर 5.73 फीसद रही। पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले केमिकल निर्यात में 8.3 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। वाणिज्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक नवंबर 2016 में आयात भी 10.44 फीसद बढ़ा है। इस अवधि में 33 अरब डालर का सामान देश में आयात किया गया। इस तरह नवंबर में देश का व्यापार घाटा 13 अरब डालर तक पहुंच गया है।
तीन महीने से हो रही वृद्धि ने चालू वित्त वर्ष के पहले आठ महीने के निर्यात को भी सकारात्मक स्थिति में ला दिया है। अप्रैल से नवंबर 2016 के दौरान देश से 174.92 अरब डालर का निर्यात किया गया जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 0.10 फीसद अधिक है। हालांकि इस अवधि में आयात में 8.44 फीसद की कमी दर्ज की गई है। इस दौरान 241.1 अरब डालर का आयात हुआ। इसके चलते व्यापार घाटा 66.17 अरब डालर रहा है।
अलबत्ता सोने का आयात इस महीने 23.24 फीसद बढ़ गया। नवंबर में 4.36 अरब डालर का सोना आयात किया गया। पिछले साल इसी महीने में 3.54 अरब डालर का सोना आयात हुआ था। दिसंबर 2014 के बाद निर्यात में लगातार 18 महीने कमी दर्ज की गई। इस साल सितंबर के बाद ही निर्यात में लगातार वृद्धि दिख रही है।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment