कोलंबो
श्रीलंका सरकार सद्भावपूर्ण कदम के तौर पर 20 भारतीय मछुआरों को रिहा करेगी जिन्हें कथित तौर पर उसके जलक्षेत्र में मछली पकड़ते हुए पकड़ा गया था। मत्स्य पालन और जल संसाधन विकास मंत्री महिंदा अमरवीरा ने कहा कि उनके मंत्रालय ने अटॉर्नी जनरल के विभाग से भारत के 20 मछुआरों को रिहा करने की सिफारिश की है।
कोलंबो पेज ने अमरवीरा के हवाले से कहा, 'भारतीय मछुआरों को रिहा किया जाएगा लेकिन उनकी मछली पकड़ने की नौकाओं को नहीं लौटाया जाएगा।' उन्होंने कहा, 'कुल मिलाकर यह अच्छा संकेत है। बहुत जल्द ही मछुआरों को छोड़ा जाएगा।'
अमरवीरा ने कहा कि भारत सरकार ने श्रीलंका की हिरासत में बंद मछुआरों की रिहाई के लिए अनुरोध किया है। मंत्री के मुताबिक सिफारिशें अटॉर्नी जनरल के पास पहुंचने के बाद वह अदालत को सूचित करेंगे कि कोई आपत्ति नहीं है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम के अनुसार श्रीलंका में फिलहाल 51 मछुआरे हिरासत में हैं और 114 नौकाएं उसके कब्जे में हैं।
आगामी दो जनवरी को भारत और श्रीलंका का एक संयुक्त कार्य समूह यहां मंत्री स्तर की बैठक करेगा ताकि मछुआरों के मुद्दे का स्थाई समाधान निकल सके।
Source:indiatimes.com
No comments:
Post a Comment