Sunday, 18 December 2016

रोनाल्डो के आगे नहीं चला काशिमा का करिश्मा

क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हैट्रिक के आगे काशिमा एंटलर्स का करिश्मा नहीं चल पाया।

नई दिल्ली। रीयल मैड्रिड के स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हैट्रिक के आगे काशिमा एंटलर्स का करिश्मा नहीं चल पाया। अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर पहली बार क्लब वर्ल्ड कप फुटबॉल के फाइनल में पहुंची काशिमा ने 68000 स्थानीय दर्शकों के बीच जीत के लिए जी जान लगा दी, लेकिन 2-4 से हार नहीं टाल पाया। इसके साथ ही काशिमा का यह खिताब जीतने वाली पहली एशियाई टीम बनने का सपना भी टूट गया। हालांकि रीयल मैड्रिड को जीत दर्ज करने के लिए अतिरिक्त समय का सहारा लेना पड़ा। रीयल मैड्रिड की ओर से रोनाल्डो ने 60वें, 97वें और 104वें मिनट में, जबकि करीम बेजेंमा ने नौवें मिनट में गोल किया। काशिमा की ओर से दोनों गोल शिवासाकी ने क्रमश: 44वें व 52वें मिनट में दागे। रीयल ने दूसरी बार इस ट्रॉफी पर कब्जा किया। इससे पहले उसने 2014 में यह खिताब जीता था। पुर्तगाल के स्टार रोनाल्डो के लिए यह साल काफी शानदार रहा। उन्होंने चैंपियंस लीग, यूरो कप जीतने के अलावा पिछले हफ्ते ही बैलोन डियोर खिताब जीता है। जापान की जे लीग चैंपियन टीम काशिमा एंटलर्स इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाली पहली एशियाई टीम है।

Source:aajtak.in

No comments:

Post a Comment