Saturday, 24 December 2016

पीवी सिंधु: मेरा लक्ष्य दुनिया की नंबर 1 रैंकिंग हासिल करना है

बैंडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने 2016 का अंत कामयाब स्तर पर रहकर खत्म करने पर संतुष्टि का इज्हार किया है और माना कि रियो में रजत पदक जीतने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। सिंधु ने ये भी महसूस किया कि हर बार ये संभव नहीं है कि नंबर 1 बनने की चुनौतियों पर बात करते समय खिलाड़ी श्रेष्ठ स्थिति में हो।

दुनिया की नंबर 6 खिलाड़ी सिंधु ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ये मेरे लिए एक बेहतरीन साल रहा क्योंकि ओलंपिक में पदक जीतना एक बड़ी उपलब्धि है। ये सपने के हकीकत में बदलने जैसा है। साथ ही मेरे दिमाग में हमेशा चलता था कि मुझे अपना सुपरसीरीज टाइटल जीतना है और वो भी इस साल पूरा हो गया।’’

‘‘निश्चित तौर पर मेरा लक्ष्य नंबर 1 बनने का है। मैंने करियर की अब तक की बेस्ट रैंकिंग नंबर 6 हासिल कर ली है इसलिए मैं बहुत खुश हूं। मैं चाहती हूं कि ये आगे भी जारी रहे और मैं इसमें सुधार करती रहूं।’’

21 वर्षीय इस खिलाड़ी ने बताया की ओलंपिक मेडल ने उनके लिए कई चीजें बदल कर रख दी हैं। 

‘‘हमने अभ्यास के दौरान जो कड़ी मेहनत की थी ये उसका ही नतीजा था। ओलंपिक से पहले और बाद में चीजें काफी बदल गई। रियो में मिले मेडल ने मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा दिया और वो हर बार मुझे प्रेरणा दे रहा है। इसकी मदद से ही मैं आगे बढ़ रही हूं और अच्छा प्रदर्शन कर पा रही हूं।’’

‘‘ओलंपिक के बाद सोचने की प्रक्रिया में भी बदलाव हुआ है, लेकिन जहां तक रणनीति की बात है ये मैच दर मैच पर निर्भर करता है और कोच के निर्देश के अनुसार उस पर मैं काम करती हूं।

सिंधु के मुताबिक सबसे बड़ी चुनौती उस कामयाबी को बनाए रखना है।

‘‘मुझे लगता है ये मेरे लिए सिर्फ एक शुरूआत है और मैं सिर्फ कड़ी मेहनत करना चाहती हूं क्योंकि जिम्मेदारी काफी बड़ी है। इस मकाम तक पहुंचना ठीक है लेकिन उसे कायम रख पाना एक अलग बात है। ये एक बड़ी चुनौती है और मुझे इसके लिए बहुत काम करना है।’’

आने वाली प्रीमियर बैडमिंटन लीग के बारे में चेन्नई स्मैशर्सकी इस खिलाड़ी ने कहा कि 11-अंकों के फाॅर्मेट में खिलाड़ियों को ज्यादा सावधान रहना होगा।

‘‘मौजूदा प्वाइंट सिस्टम का मतलब है कि खिलाड़ियों को ज्यादा सतर्क रहना होगा। आप छह अंकों के नुकसान को झेल कर वापसी की उम्मीद नहीं कर सकते हैं। ये काफी मुश्किल हो जाएगा।’’

Source:sportscafe.com

No comments:

Post a Comment