Monday, 26 December 2016

अब सीनियर विश्व कप पर है जूनियर हॉकी टीम की नजर

कोलकाता
हाल ही में जूनियर विश्व कप खिताब जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरजीत सिंह ने रविवार को कहा कि उनके साथी खिलाड़ियों का लक्ष्य अब सीनियर टीम में प्रवेश हासिल करना और विश्व कप-2018 में जीत हासिल करना है। उल्लेखनीय है कि एफआईएच विश्व कप-2018 की मेजबानी भारत ही करने वाला है और विश्व कप का आयोजन ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में होगा।

पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा विश्व कप विजेता भारतीय टीम को पुरस्कृत करने के लिए आयोजित समारोह से इतर हरजीत ने पत्रकारों से कहा, ‘अब हमारा लक्ष्य 21 जनवरी, 2017 से शुरू हो रहे हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में बेहतर प्रदर्शन कर सीनियर टीम में जगह हासिल करना और उसके बाद विश्व कप और टोक्यो ओलिंपिक-2020 में खिताब जीतना है।’

कोलकाता में चल रहे बेटॉन कप के 121वें संस्करण में विश्व कप विजेता टीम के कई सदस्य खेल रहे हैं। भारत को 15 वर्ष के अंतराल के बाद जूनियर विश्व कप का खिताब दिलाने वाले हरजीत ने कहा कि लखनऊ में हुए विश्व कप के फाइनल में जब उनकी टीम ने बेल्जियम को 2-1 से हराया तो जैसे लगा आसमान नीचे सरक आया हो।

हरजीत ने कहा, ‘यह अविश्वसनीय था। पूरा स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था और जैसे ही हम जीते दर्शकों को जोश चरम पर पहुंच गया। देश को इतनी खुशी का मौका देकर हम बेहद गौरवान्वित हैं।’ इतना ही नहीं भारत जूनियर विश्व कप खिताब दो बार जीतने वाला जर्मनी के बाद दुनिया का दूसरा देश भी बना। पश्चिम बंगाल की सरकार ने इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए भारतीय टीम के हर खिलाड़ी को 10-10 हजार रुपये का नकद ईनाम दिया।

Source:indiatimes.com

No comments:

Post a Comment