Thursday, 22 December 2016

जाधव से मिले सुबूतों को दुनिया के समक्ष रखेगा पाकिस्तान

इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान ने कहा है कि वह भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ (रिसर्च एंड एनालिसिस विंग) के जासूस कुलभूषण जाधव के खिलाफ और साक्ष्य एकत्रित कर रहा है। वह उन्हें भारत के पाकिस्तान में विध्वंसक कार्रवाइयों में शामिल होने के सुबूत के तौर पर संयुक्त राष्ट्र को सौंपेगा। ये सुबूत डोजियर के साथ दिए जाएंगे।

संसद की विदेशी मामलों की समिति को इस आशय की जानकारी प्रधानमंत्री के सलाहकार सरताज अजीज ने दी। साथ ही उन्होंने नियंत्रण रेखा पर हो रही फायरिंग को भारतीय सेना के हमले के तौर पर प्रस्तुत किया। बताया कि भारतीय सेना के हमलों का पाकिस्तान की ओर से उचित जवाब दिया जा रहा है। बताया गया कि भारतीय फायरिंग में 45 निर्दोष पाकिस्तानी नागरिक मारे गए हैं।

इसके संबंध में संयुक्त राष्ट्र से लिखित शिकायत की गई है। अजीज ने बताया कि पकड़े गए जासूस जाधव ने पूछताछ में कुछ और जानकारियां दी हैं जिन्हें सुबूत के तौर पर संयुक्त राष्ट्र और दुनिया के प्रमुख देशों के समक्ष रखा जाएगा। भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी जाधव को पाकिस्तान ने बलूचिस्तान से गिरफ्तार करने का दावा किया था। भारत सरकार ने उसके भारतीय एजेंट होने से इन्कार किया है।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment