लखनऊ। भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए यहां सोमवार को दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराकर जूनियर हॉकी विश्व कप में लगातार तीसरी जीत हासिल की। उधर, ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम और हॉलैंड ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
भारत ने शुरुआत से ही मैच में अपनी पकड़ बना ली। पूल-डी के इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हरजीत सिंह ने 11वें मिनट में ही शानदार मैदानी गोल से टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 28वें मिनट में भारतीय टीम को उस समय निराशा का सामना करना पड़ा, जब दक्षिण अफ्रीका के कायले लियोन कैचेट ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 1-1 कर दिया।
इसके बाद दोनों टीमों ने जमकर हमले किए, लेकिन कोई भी एक-दूसरे के गोल में नहीं पहुंच पाया। दूसरे हाफ में भी यही क्रम जारी रहा। लेकिन 55वें मिनट में सीनियर राष्ट्रीय टीम के सदस्य मनदीप सिंह ने खूबसूरत मूव बनाते हुए गेंद को गोल में पहुंचाकर स्कोर 2-1 कर दिया, जो अंत तक बरकरार रहा और भारत ने लगातार तीसरी जीत हासिल कर ली।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पूल-ए में ऑस्ट्रिया की कड़ी चुनौती पर 4-2 से काबू पा लिया। ऑस्ट्रेलिया के दो मैचों से छह अंक हो गए और वह क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया। हालांकि ऑस्ट्रेलिया का अभी एक मैच बाकी है, जो उसे मंगलवार को कोरिया से खेलना है। कोरिया की टीम अब तक अपने दोनों मैच हारकर क्वार्टर फाइनल की होड़ से बाहर हो चुकी है।
पूल-ए में ही अर्जेंटीना ने कोरिया को 5-1 से पीट दिया। अर्जेंटीना की तीन मैचों में यह पहली जीत रही और उसके चार अंक हो गए। अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया के बराबर चार-चार अंक रहे, लेकिन बेहतर गोल औसत ने अर्जेंटीना को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।
पूल-बी में हॉलैंड ने मिस्र को 7-0 से रौंदा। हॉलैंड की यह दूसरी जीत रही और उसने छह अंक के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। मिस्र को अपनी लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। पूल-बी में ही बेल्जियम ने मलेशिया को 3-0 से हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप में चोटी का स्थान हासिल कर लिया।
Source:patrika.com
No comments:
Post a Comment