नई दिल्ली: सरकारी तेल कंपनियों ने सब्सिडी प्राप्त एलपीजी की कीमत 2.07 रुपये प्रति सिलिंडर बढ़ा दी है, अब 14.3 किलो ग्राम के घरेलू सिलिंडर की कीमत दिल्ली में 432.71 रुपये होगी, जो पहले 430.64 रुपये थी. घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी धीरे-धीरे खत्म करने के फैसले पर अमल करते हुए पिछले 6 महीनों में एलपीजी सिलिंडर के दाम सातवीं बार बढ़ाए गए हैं. इस समय प्रति परिवार सालभर में 12 सिलेंडर सब्सिडी वाले मिलते हैं और उसके बाद बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर खरीदा जा सकता है.
एलपीजी सिलिंडर से सब्सिडी हटाने के लिए सरकार ने हर महीने इसकी कीमत में 2 रुपये की मामूली बढ़ोतरी का फैसला किया है. इससे पहले एक नवंबर को इसमें 2.05 रुपये बढ़ाये गये थे. वहीं बिना सब्सिडी वाला एलपीजी सिलिंडर भी महंगा हुआ है. अब बिना सब्सिडी वाला एलपीजी सिलिंडर 54.5 रुपये बढ़कर 584 रुपये में मिलेगा.
इसके अलावा विमानों में इस्तेमाल होनेवाले ईधन (एटीएफ) की कीमत 3.7 फीसदी घटी है. तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी और एटीएफ कीमतों की समीक्षा करती है. यह समीक्षा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों और करेंसी एक्सचेंज रेट के आधार पर तय की जाती है.
वहीं जेट ईधन की कीमत में 3.7 फीसदी की कमी के बाद दिल्ली में 1,881 रुपये यानी 3.7 प्रतिशत घटकर 48,379.63 रुपये प्रति किलोलीटर की दर से मिलेगा. इससे पहले 2 बार एटीएफ के दाम में वृद्धि हुई थी. आखिरी बार एक नवंबर को एटीएफ का दाम 7.3 फीसदी बढ़ाया गया था. जबकि पेट्रोल की कीमत में 13 पैसे की बढ़ोतरी और डीजल की कीमत में 12 पैसे की कमी की गई है.
सरकार ने तेल कंपनियों को राशन दुकानों से बिकने वाले केरोसिन पर भी 10 महीने तक हर 15 दिनों में 25 पैसे प्रति लीटर बढ़ाने की मंजूरी दी हुई है. जुलाई के बाद केरोसिन में भी आज नौवीं बार बढ़त दर्ज की गई है.
Courtesy:abplive.in
No comments:
Post a Comment