भारत का तीसरा विकेट गिरा, रैना आउट IND 57/3 (8.3/20 ov)
मोहाली : ऑस्ट्रेलिया के स्कोर का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा है. सुरेश रैना 10 रन बनाकर वॉट्सन को अपना विकेट दे दिया. इससे पहले रोहित शर्मा 12 रन बनाकर वॉट्सन की गेंद पर बोल्ड हुए. इससे पहले शिखर धवन के रूप में भारत को पहला झटका लगा. धवन ने एक छक्के और एक चौके की मदद से 13 रन बनाये और नाथन कूल्टर नाइल के शिकार हुए.
भारतीय गेंदबाजों ने अच्छी वापसी करके आईसीसी विश्व टी20 के करो या मरो वाले मैच में ऑस्ट्रेलिया को आज यहां विस्फोटक शुरुआत का अधिक फायदा नहीं उठाने दिया और उसे छह विकेट पर 160 रन ही बनाने दिये. ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पहले चार ओवर के बाद 53 रन था और तब लग रहा था कि वह 200 रन के पार पहुंच जाएगा लेकिन अगले दस ओवर में वह केवल 51 रन बना पाया और इस बीच उसने चार विकेट गंवाये.
आरोन फिंच ने उसकी तरफ से सर्वाधिक 43 रन बनाये. उनके अलावा ग्लेन मैक्सवेल (28 गेंदों पर 31) और उस्मान ख्वाजा (16 गेंदों पर 26 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया. भारतीय गेंदबाजों में हार्दिक पंड्या सबसे सफल रहे. उन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर दो विकेट लिये. आशीष नेहरा (20 रन देकर एक विकेट), युवराज सिंह (19 रन देकर एक विकेट) और रविंद्र जडेजा ने कसी हुई हुई गेंदबाजी करके ऑस्ट्रेलियाई रन गति पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभायी.
ऑस्ट्रेलिया ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तूफानी शुरुआत की. ख्वाजा ने नेहरा के पहली गेंद पर चौका लगाने के बाद उनकी अगली पांच गेंदों को पूरा सम्मान दिया लेकिन जसप्रीत बुमराह पर चार चौके जड़कर उन्हें आक्रमण से हटवा दिया. बुमराह की जगह गेंद संभालने वाले भरोसेमंद स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के पहले ओवर में 22 रन बने जिसमें फिंच के लांग आन पर लगाये गये दो छक्के हैं. इससे अश्विन की लय बिगड गयी और उन्होंने लगातार दो गेंद वाइड की जिसमें एक चार रन के लिये गयी.
नेहरा ने भारत को फिर से पावरप्ले में सफलता दिलायी. उनकी गुड़लेंथ गेंद ख्वाजा के बल्ले के निचले हिस्से से लगी और विकेटकीपर धौनी ने अपने बायीं तरफ उसे कैच कर दिया. इससे रन गति पर अंकुश लगा. तीन ओवर तक गेंद सीमा रेखा पर नहीं पहुंची और अगले ओवर में अश्विन की स्पिन लेती गेंद पर डेविड वार्नर (छह) गच्चा खाकर स्टंप आउट हो गये.
युवराज अपने घरेलू मैदान पर टूर्नामेंट में पहली बार गेंदबाजी के लिये आये. उनकी पहली गेंद में थोडा उछाल था जो स्टीवन स्मिथ (दो) के बल्ले को चूमकर धोनी के दस्तानों में पहुंची. अंपायर मारियास इरासमुस ने उंगली उठा दी लेकिन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान उनके फैसले से खुश नहीं थे और रीप्ले से भी साफ नहीं लग रहा था कि गेंद और बल्ले का संपर्क हुआ या नहीं.
ऑस्ट्रेलिया ने अपना दूसरा पचासा पूरा करने में 9.1 ओवर लिये. गेंद नीची रह रही थी और शाट लगाना मुश्किल था. फिंच ने एक छोर संभाले रखा था लेकिन पंड्या की गेंद पर वह सही टाइमिंग से शाट नहीं लगा पाये और डीप मिडविकेट पर खड़े शिखर धवन को कैच करने में कोई परेशानी नहीं हुई. फिंच ने अपनी 34 गेंद की पारी में दो छक्कों के अलावा तीन चौके भी लगाये.
मैक्सवेल ने रविंद्र जडेजा पर स्विच हिट से छक्का लगाया लेकिन बमराह ने उनका आफ स्टंप उखाड़कर भारतीयों को डेथ ओवर में बड़ी राहत दी. पंड्या के आखिरी ओवर में 15 रन बने. वह जेम्स फाकनर (दस) को आउट करने में सफल रहे लेकिन शेन वाटसन (नाबाद 18) और पीटर नेविल (नाबाद 10) टीम का स्कोर 150 रन के पार ले गये. नेविल ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाया.
टीमें :
भारत : महेंद्र सिंह धौनी ( कप्तान ), विराट कोहली, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, युवराज सिंह, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमरा, शिखर धवन, रविंद्र जडेजा, आशीष नेहरा और हार्दिक पंड्या.
आस्ट्रेलिया : स्टीवन स्मिथ ( कप्तान ), आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, डेविड वार्नर, ग्लेन मैक्सवेल, शेन वाटसन, जेम्स फाकनेर, पीटर नेविल, एडम जाम्पा, नाथन कूल्टर नाइल और जोश हेजलवुड.
No comments:
Post a Comment