Wednesday, 16 March 2016

खुलासा: बिना अनुमोदन के सांसद ने किया था मेट्रो स्टेशन का शिलान्यास

खुलासा: बिना अनुमोदन के सांसद ने किया था मेट्रो स्टेशन का शिलान्यास

नई दिल्ली [संजय सलिल]। जहांगीरपुरी-बादली रूट पर सिरसपुर मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्य का क्षेत्रीय भाजपा सांसद डॉ. उदित राज ने बिना अनुमोदन के ही शिलान्यास किया था। उन्होंने 29 दिसंबर 2014 को एक समारोह में इसका शिलान्यास किया था। सच्चाई यह है कि अब तक दिल्ली सरकार ने सिरसपुर में मेट्रो स्टेशन बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन को अनुमोदन नहीं दिया है। यही कारण है कि शिलान्यास के एक साल से ज्यादा बीत जाने के बाद भी यहां मेट्रो स्टेशन बनाने का काम प्रारंभ नहीं हो सका है। इसका खुलासा सूचना के अधिकार कानून के तहत मांगी गई जानकारी में हुआ है।

बुराड़ी के कादीपुर निवासी हरपाल सिंह राणा ने इस बारे में दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरशन (डीएमआरसी) से आरटीआइ के माध्यम से इस बाबत जानकारी मांगी थी। ऐसे में डीएमआरसी ने जो जानकारी दी है, वह चौंकाने वाली है। जवाब में साफ बताया है कि डीएमआरसी की ओर से सिरसपुर में मेट्रो स्टेशन के लिए कोई भी शिलान्यास अब तक नहीं किया गया है। उसने यह भी बताया कि इस मेट्रो स्टेशन का निर्माण दिल्ली सरकार के अनुमोदन के बाद शुरू किया जाएगा। ऐसे में इस मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य कब तक पूरा हो सकेगा, यह निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद ही तय किया जाएगा। डीएमआरसी के इस जवाब से स्पष्ट है कि सांसद ने मेट्रो स्टेशन निर्माण कार्य का शिलान्यास बिना विभागीय औपचारिकता के ही कर दिया था। सूत्रों की मानें तो मेट्रो स्टेशन निर्माण के लिए अब तक दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग की ओर से भूमि अधिग्रहण के लिए भी कोई अधिसूचना तक जारी नही की गई है।

चुनावी लाभ के लिए कर दिया था शिलान्यास
सिरसपुर के लोग मेट्रो स्टेशन की मांग को लेकर वर्ष 2014 में लगातार कई महीने तक धरना प्रदर्शन कर रहे थे। मेट्रो स्टेशन के अलावा उनकी दो मांगे और भी थीं, जिनमें लोगो की अधिग्रहित की गई भूमि का मौजूदा बाजार भाव से मुआवजा व यहां बनने वाले मेट्रो डिपो के बीच रोहिणी आने जाने के लिए रास्ता देने की मांग भी थी। इनमें दो मांगो को डीएमआरसी ने मान लिया था।

मेट्रो स्टेशन बनाने पर संशय बरकरार रहा। इसी बीच फरवरी 2015 में हुए दिल्ली विधानसभा का चुनाव भी नजदीक आ गया था। आरटीआइ कार्यकर्ता हरपाल सिंह राणा कहते हैं कि तब विधानसभा चुनाव में सिरसपुर व आसपास के मतदाताओं को लुभाने के लिए सांसद ने बिना योजना के मंजूरी के ही शिलान्यास कर डाला।

No comments:

Post a Comment