बेगूसराय में नौका दुर्घटना, 5 बच्चों की डूबने से मौत, दो लापता
बेगूसराय। रविवार के दिन बच्चों को क्षतिग्रस्त नाव से जल विहार करना महंगा पड़ गया। गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कुम्हारसों सिंगरैली चौर में नाव डूबने से पांच बच्चों की मौत हो गई। हादसे की सूचना तैरकर बाहर निकले तीन बच्चों ने दी। नाव में आठ बच्चे सवार थे।
सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। आला अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। जिला प्रशासन ने पीडि़त परिवारों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 4-4 लाख रुपये के चेक दिए।
बता दें कि लखन महतो के घर बच्चे का जन्म हुआ था। उसी के गंदे कपड़े की सफाई करने ये बच्चे सिंगरैला चौर गए थे। पहले से डूबी क्षतिग्रस्त नाव से बच्चों ने पहले पानी निकाला। फिर उसमें सवार होकर जल विहार करने लगे। क्षतिग्रस्त नाव में धीरे-धीरे पानी भरने लगा और नाव डूब गई।
तैर कर बाहर आए राहुल कुमार, टुनटुन महतो के पुत्र रुपेश कुमार तथा सचिन कुमार ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण चौर की ओर दौड़ पड़े और शवों को ढूंढने लगे। मशक्कत के बाद पांचों शव निकाल लिए गए।
डीएम नौशाद युसूफ, एसपी मनोज कुमार, एसडीओ विनोद कुमार सिंह, एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार, डीसीएलआर शैलेश कुमार, सीओ राजीव कुमार, थानाध्यक्ष उदय कुमार सिंह, बखरी थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह आदि ने घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
No comments:
Post a Comment