Tuesday, 15 March 2016

देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर है दिल्ली, चौथा है पीएम का बनारस

नई दिल्ली [हरिकिशन शर्मा]। आम तौर पर माना जाता है कि औद्योगिक केंद्रों या महानगरों में सबसे यादा वायु प्रदूषण होता है, लेकिन हकीकत कुछ और है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने देश के बड़े शहरों में वायु प्रदूषण की जो तस्वीर पेश की है, वह चौंकाने वाली है। सीपीसीबी के अनुसार, देश का सबसे प्रदूषित शहर बिहार का मुजफ्फरपुर है। दूसरे नंबर पर नवाबों का शहर लखनऊ आता है। ये दोनों शहर न तो उद्योग के बड़े केंद्र हैं और न ही यहां बड़ी संख्या में कल-कारखाने हैं। प्रदूषण के मामले में तीसरे स्थान पर देश की राजधानी दिल्ली है।

कुल मिलाकर देश के 10 सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में से छह औद्योगिक रूप से पिछड़े उत्तर प्रदेश और बिहार के हैं। दूसरी ओर, आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों के केंद्र माने जाने वाले मुंबई, बेंगलुरु व चेन्नई में प्रदूषण अपेक्षाकृत काफी कम है। वैसे सबसे कम वायु प्रदूषण हरियाणा के पंचकुला में है। पंचकुला को छोड़कर उत्तर भारत के अन्य सभी शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी अधिक है।

वायु प्रदूषण घटने पर सुप्रीमकोर्ट ने जताई खुशी

सीपीसीबी ने फरवरी 2016 में देश के 21 चुनिंदा शहरों की वायु गुणवत्ता इंडेक्स (एयर क्वालिटी इंडेक्स) के आंकड़े जारी किए हैं। पंचकुला की औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स वैल्यू 82 है और इसकी हवा ‘संतोषजनक’ है। किसी भी शहर की हवा ‘अछी’ नहीं है। जिन अन्य शहरों की हवा ‘संतोषजनक’ है उनमें पश्चिम बंगाल का शहर हल्दिया और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई शामिल हैं। नवी मुंबई, हैदराबाद, सोलापुर, चंद्रपुर, बेंगलुरु, चेन्नई और पुणो जैसे दक्षिण के शहरों में हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ स्तर की है। कहने का मतलब यह है कि इन शहरों की हवा संतोजषक नहीं है, लेकिन यादा खराब भी नहीं है। बौद्ध पर्यटन का केंद्र गया भी इसी श्रेणी में आता है। राजस्थान का जोधपुर शहर भी इसी श्रेणी में है। हालांकि गुलाबी नगरी जयपुर की हवा ‘खराब’ की श्रेणी में आती है।

प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों पर प्रदूषण विभाग हुआ सख्त

असल में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड छह श्रेणियों- ‘अछा’, ‘संतोषजनक’,‘मध्यम’,‘खराब’,‘बहुत खराब’ और ‘अत्यधिक खराब’ के आधार पर शहरों में वायु प्रदूषण के स्तर की तस्वीर पेश करता है। सर्वाधिक प्रदूषित शहर मुजफ्फरपुर ‘बहुत खराब’ की श्रेणी में आता है और वहां वायु प्रदूषण का मुख्य स्रोत पीएम 2.5 है। पीएम 2.5 सूक्ष्म कण होते हैं और हवा में इनकी मात्र बढ़ने से स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड़ता है। लखनऊ, दिल्ली, आगरा और फरीदाबाद में भी वायु प्रदूषण का यही बड़ा कारण है। सीपीसीबी की रिपोर्ट में पहले नंबर पर मुजफ्फरपुर, फिर लखनऊ, दिल्ली, वाराणसी, पटना, फरीदाबाद, कानपुर, आगरा, गया, नवी मंबई, मुंबई और फिर पंचकूला है।

No comments:

Post a Comment