टी20 वर्ल्ड कप 2016: भारत और पाकिस्तान मैच के दौरान छा सकता है 'अंधेरा', इस महामुकाबले पर खड़ा हुआ 'धर्मसंकट'!
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों के तहत खेलेजाने वाले मैच में भारत और पाकिस्तान पर अब सबकी नजर टिकी है। यह मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डेन में 19 मार्च को होना है। दोनों देशों (भारत और पाकिस्तान) के बीच मैच को लेकर दुनियाभर में एक अलग ही जूनून देखने को मिलता है लेकिन इस बार ये महामुकाबला अर्थ आवर के कारण धर्मसंकट में फंस गया है। दरअसल मुकाबला तो होगा लेकिन टीवी पर देखने को लेकर यह धर्मसंकट उठ खड़ा हुआ है।
दरअसल मार्च महीने में दुनियाभर में 'अर्थ आवर डे' मनाया जाता है जिसमें अर्थ यानी धरती को बचाने के लिए करीब 172 देश के लोग रात 8:30 से लेकर 9:30 बजे तक यानी एक घंटे तक अपने घरों की बिजली बंद कर देते हैं। इन देशों में से एक भारत भी है।
इस बार अर्थ आवर डे 19 मार्च को है। साथ ही इसी दिन कोलकाता में टी-20 वर्ल्डकप का भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का महामुकाबला भी होना है। मैच का प्रसारण शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, लेकिन उसी बीच अर्थ आवर (रात 8:30 से रात 9:30 तक) भी है जिसमें यह फंसता हुआ दिख रहा है। अब एक ही वक्त पर अर्थआवर और भारत-पाकिस्तान के बीच मैच। ऐसे में क्रिकेट प्रेमी क्या अर्थ आवर के बीच एक घंटे का ब्लैक आउट कर भारत-पाक के बीच मैच का रोमांच छोड़ पाएंगे?
हालांकि इस मामले में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर के जरिए लोगों को इस धर्मसंकट से उबारने के लिए सुझाव देते नजर आए। अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर लिखा कि इस दिन सब इंडिया-पाकिस्तान का मैच इकट्ठा होकर एक ही स्क्रीन पर देखें और अर्थ आवर 2016 का समर्थन करें।
No comments:
Post a Comment