Monday, 28 March 2016

इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराया

इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराया

चेन्नई में खेले गए महिला वर्ल्ड टी20 के एक मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 68 रनों से बुरी तरह हरा दिया। इस जीत की बदौलत इंग्लैंड अपने ग्रुप में टॉप पर रही और सेमीफाइनल में अब उनका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। इंग्लैंड की तरफ से कप्तान शार्लेट एडवर्ड्स ने 77 रनों की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।

टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और उनकी शुरुआत काफी अच्छी रही। पहले विकेट के लिए एडवर्ड्स ने ब्यूमोंट के साथ 68 रन जोड़े। हालाँकि सारा टेलर आज फ्लॉप रही और बिना कोई रन बनाए आउट हो गई। इसके बाद के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान के साथ कप्तानी पारी खेलकर एडवर्ड्स ने टीम को 148/5 के स्कोर तक पहुँचाया। पाकिस्तान की तरफ से अस्माविया इक़बाल ने 2 और निदा दार ने 3 विकेट लिए।

लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तान कभी मैच में बराबरी पर नही दिखीं। 35 के स्कोर तक पाकिस्तान के आधे बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे और इंग्लैंड मैच को एकतरफा जीतने की तरफ बढ़ रही थी। निदा दार ने सबसे ज्यादा 16 रन बनाए और पाकिस्तान की पूरी टीम 80 रन बनाकर आउट हो गई। इंग्लैंड की तरफ से लौरा मार्श ने 3, आन्या श्रबशोल, नताली सीवर और जॉर्जिया एल्विस ने 2-2 विकेट लिए।

पाकिस्तान की टीम के लिए इस टूर्नामेंट में एक ही उपलब्धि रही कि उन्होंने भारत को लीग स्टेज में हराया।

स्कोरकार्ड:

इंग्लैंड: 148/5 (एडवर्ड्स 77*, दार 3/21)

पाकिस्तान: 80 (दार 16, मार्श 3/16)

No comments:

Post a Comment