Wednesday, 23 March 2016

बिसाहड़ा में हिंदू नहीं मनाएंगे होली, विस चुनाव से भी रहेंगे दूर

बिसाहड़ा में हिंदू नहीं मनाएंगे होली, विस चुनाव से भी रहेंगे दूर

नोएडा। होली से पहले बिसाहड़ा कांड की आग फिर से सुलगने लगी है। ग्र्रामीणों ने सोमवार को गांव के शिव मंदिर पर महापंचायत कर निर्णय लिया कि गांववासी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। साथ ही जिला पंचायत चुनाव में भी हिस्सा नहीं लेंगे। इस बार होली न मनाने का भी निर्णय लिया गया। महापंचायत के बाद ग्रामीणों ने सीबीआइ जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम दादरी को सौंपा है।

बता दें कि हाल ही में पुलिस ने बिसाहड़ा कांड में आरोपी तीन अन्य के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल किया था। इसमें एक नाबालिग भी है। दाखिल चार्जशीट में पुलिस ने कहीं भी मांस शब्द का प्रयोग नहीं किया है। इसी के विरोध में महापंचायत हुई। फैसला लिया गया कि होली के बाद साठा चौरासी की पंचायत की जाएगी। पंचायत को सफल बनाने के लिए महापंचायत में 18 सदस्यों की कमेटी तैयार की गई है।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष 28 सितंबर की रात बिसाहड़ा गांव में गोहत्या की सूचना पर इकलाख की पीट कर हत्या कर दी गई थी और उसके बेटे दानिश को अधमरा कर दिया गया था। हत्या के मामले में कुल 19 लोगों को आरोपी बनाया गया। एक आरोपी को पुलिस ने मामले में क्लीन चिट दे दी है। 18 लोग अभी जेल में बंद हैं। सभी के खिलाफ चार्जशीट जिला न्यायालय में दायर की जा चुकी है।

कोर्ट तक पहुंची जांच की मांग सीबीआइ जांच की मांग को लेकर ग्रामीण हाईकोर्ट भी जा चुके हैं। मामले की अगली सुनवाई छह अप्रैल को है।

No comments:

Post a Comment