Sunday, 13 March 2016

बारिश-ओलों से बरसी मुसीबत, अगले 24 घंटे और बिगड़ेगा मौसम

बारिश-ओलों से बरसी मुसीबत, अगले 24 घंटे और बिगड़ेगा मौसम

नई दिल्ली। देश के उत्तरी भाग के मौसम में अचानक बदलाव आया। पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण जहां-तहां लोग फंस गए। उन्हें सेना के जवानों ने बचाया। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के अधिकांश मैदानी इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। ओले गिरने से गेहूं की फसल खेतों में बिछ सी गई है।

इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे मौसम में बड़ा उलटफेर होने की चेतावनी है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। ओले भी गिर सकते हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फ भी गिर सकती है।

देशभर के मौसम का हाल

कश्मीर घाटी में गुरुवार देर शाम से ही निचले इलाकों में बारिश और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फ गिर रही है।हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में शनिवार को तेज वर्षा हुई। चंबा जिले के भारमौर शहर में सबसे अधिक 6 इंच, मनाली में 2 इंच से ज्यादा, धर्मशाला में करीब डेढ़ इंच, डलहौजी में तीन इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शिमला में 20.1 मिलीमीटर बारिश हुई। यहां तापमान 6.4 डिग्री तक गिर गया।राजस्थान में किसानों के लिए मौसम एक बार फिर बुरा सपना साबित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन चार दिनों में राजस्थान में तेज हवा के साथ ओले गिरने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में जयपुर सहित जैसलमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर व चुरू, कोटा में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर ओले भी गिरे। इससे खड़ी व काटकर रखी गई फसलों को नुकसान पहुंचा।तेज हवाओं और ओलों के साथ बारिश ने पंजाब में गेहूं की फसल को बर्बादी के कगार पर ला दिया है। कृषि विशेषज्ञों ने इस बारिश को किसानों के लिए आफत करार दिया है।

No comments:

Post a Comment