मोदी के सामने हैदराबाद विवि का मामला उठाएंगे केसीआर
हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय का मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने उठाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री से वह कुलपति पी अप्पा राव को वापस बुलाने की मांग करेंगे। यह घोषणा उन्होंने विधानसभा में की।
केंद्रीय विश्वविद्यालय की घटना पर विधानसभा में हुई चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि दो से तीन दिनों में वह प्रधानमंत्री से बात करेंगे। उन्होंने इस समस्या का समाधान हो जाने की उम्मीद जताई। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उस्मानिया विवि में विधायक की कार पर हमला को उन्होंने निंदनीय कहा।
तेलंगाना विधानसभा में हंगामा
इससे पहले तेलंगाना विधानसभा में कांग्रेस और मजलिस-ए-एत्तेहादुल मुसलमीन (एमआइएम) के सदस्यों ने हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय और उस्मानिया विश्वविद्यालय की घटनाओं को लेकर जोरदार हंगामा किया। शनिवार को सदन में कामकाज शुरू होते ही दोनों दलों ने बहस की मांग की। छात्रों की बेरहमी से हुई पिटाई पर चर्चा की मांग को लेकर हुए हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही तीन बार रोकी गई। कांग्रेस ने अपने विधायक संपत कुमार की कार पर 23 मार्च को उस्मानिया विवि में हुए हमले का मुद्दा भी उठाया।
कुलपति अप्पा राव ने सहयोग मांगा
हैदराबाद केंद्रीय विवि में जारी हंगामे को देखते हुए कुलपति अप्पा राव पोडिले ने छात्रों और उनके अभिभावकों से सहयोग मांगा है। अभिभावकों के नाम जारी एक अपील में बच्चों को समझाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि आप अपने बच्चों को ऐसी गतिविधि में शामिल होने से बचने की सलाह दें जिससे संस्थान की प्रतिष्ठा को आंच आती है।
No comments:
Post a Comment