आईआरएनएसएस-1एफ के प्रक्षेपण के लिए 54 घंटे की उल्टी गिनती शुरू
आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से छठे नेविगेशन उपग्रह आईआरएनएसएस-1 एफ को लेकर अंतरिक्ष में जाने वाले पीएसएलवी सी-32 के 10 मार्च को होने वाले प्रक्षेपण के लिए मंगलवार सुबह 9:30 बजे 54 घंटे की उल्टी गिनती शुरू हो गई।
इसरो ने एक बयान में कहा कि मिशन तैयारी समीक्षा समिति और प्रक्षेपण अधिकार प्रदाय बोर्ड ने साढ़े 54 घंटे की उल्टी गिनती की मंजूरी दे दी, जिसके बाद मंगलवार सुबह 9:30 बजे उल्टी गिनती शुरू हो गई।
आईआरएनएसएस-1 एफ का प्रक्षेपण 10 मार्च को शाम चार बजे यहां से करीब 110 किलोमीटर दूर श्रीहरिकोटा के स्पेस पोर्ट पर सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में दूसरे लांच पैड से किया जाएगा।
आईआरएनएसएस अंतरिक्ष प्रणाली में छठा नेविगेशन उपग्रह है। इस प्रणाली में कुल सात उपग्रह हैं।
इसरो ने पांचवें उपग्रह आईआरएनएसएस-1ई का 20 जनवरी को सफल प्रक्षेपण किया था।
आईआरएनएसएस-1एफ के प्रक्षेपण और संचालन के साथ उपयोगकर्ताओं को बेहतर स्थिति और सटीकता मुहैया कराई जाएगी।
इसरो के वैज्ञानिकों की सभी सातों उपग्रहों को मार्च 2016 तक कक्षा में स्थापित करने की योजना है। श्रृंखला के अंतिम उपग्रह को इस महीने के आखिर में भेजा जा सकता है।
No comments:
Post a Comment