JNU में अब तिरंगे पर लगा स्टीकर फाड़ा फिर लिख दिए अपशब्द
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में अभी देशविरोधी नारे लगाने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ है कि अब वहां के हॉस्टल में एक कमरे के दरवाजे पर लगे तिरंगे का स्टीकर फाड़ने व अपशब्द लिखने का मामला सामने आया है।
माही मांडवी हास्टल के कमरा नंबर 116 में रहने वाले स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज (एसआइएस) से चुने गए निर्दलीय स्कूल काउंसलर अर्नब चक्रवर्ती ने बताया कि शनिवार तड़के किसी ने दरवाजे पर लगा तिरंगे का स्टीकर फाड़ दिया। उन्होंने बताया कि एक चर्चा के बाद शनिवार तड़के करीब तीन बजे कमरे में आकर वह सो गए थे।
सुबह करीब 5.30 बजे एक साथी ने दरवाजा खट-खटाकर जगाया और बताया कि दरवाजे पर लगा तिरंगे का स्टीकर फाड़ दिया गया है और अनुचित बातें लिखी गई हैं। उनके दरवाजे पर एबीवीपी व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विषय में हरे रंग से अनुचित बातें लिखी गई थीं।
उन्होंने कहा कि तिरंगे का स्टीकर फाड़ना बेहद निंदनीय है। अर्नब ने कहा कि इस घटना के संबंध में हॉस्टल के वार्डन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
इस बाबत जब हास्टल प्रशासन से संपर्क किया गया तो उन्होंने ये तो स्वीकारा कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है, लेकिन इस पर क्या कार्रवाई होगी इस संबंध में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
No comments:
Post a Comment