भालू ने डिप्टी रेंजर सहित तीन को मार डाला, बैठा रहा शव के पास
महासमुंद। छत्तीसगढ़ स्थित महासमुंद जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर छछान पहाड़ी के नजदीक भालू ने डिप्टी रेंजर समेत तीन लोगों को मार डाला। उप वन मंडलाधिकारी अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि इस क्षेत्र में भालू हैं। यहां ग्रामीणों से अक्सर उनका सामना होता रहता है, लेकिन ऐसी घटना पहली बार हुई है। उन्होंने बताया कि भालू तीन लोगों को मारने के बाद भी शवों के पास से नहीं हट रहा था। मजबूरन शाम को उसे गोली मारनी पड़ी।
ग्रामीणों के अनुसार, धनसिंग कंवर पिता कुशल सिंह (65) शनिवार सुबह छछान पहाड़ी के पास महुआ का फूल बीनने गए थे। वहां अचानक भालू ने हमला कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सुबह ही करीब 10 बजे लकड़ी बीनने के लिए जंगल गए शत्रुघन कंवर पिता बुधराम भी इसी हिंसक भालू के शिकार बने। धनसिंग के दोपहर 12 बजे तक वापस घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और वे उसे खोजने जंगल गए। धनसिंग के पुत्र उमाशंकर ने देखा कि पिता लहूलुहान हालत में मृत पड़े हैं। वह पिता को हाथ लगाते, इससे पहले ही भालू ने उन्हें दौड़ा लिया।
वह किसी तरह बचकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ ही पुलिस, वन अमले को इसकी सूचना दी। दोपहर करीब तीन बजे घटनास्थल के लिए 200 ग्रामीण, पुलिस के जवान और वन विभाग के कर्मचारी रवाना हुए। पंचनामा की कार्रवाई करने डिप्टी रेंजर केडी शाहिल (60) जैसे ही शव के पास पहुंचे, पास की झाडि़यों में छुपकर बैठे भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। ग्रामीण और पुलिस के जवान भालू को देखकर भाग खड़े हुए। इस बीच डिप्टी रेंजर को भी भालू ने मार डाला। तीन लोगों को जान से मारने के बाद भालू शव के पास बैठ गया। वन कर्मी, पुलिस और ग्रामीण खदेड़ने में विफल रहे और अंत में उसे गोली मारनी पड़ी।
No comments:
Post a Comment