Tuesday, 8 March 2016

यूपी: CBI जांच की सिफारिश के बाद उठी भट्ठा कारोबारी लाश

यूपी: CBI जांच की सिफारिश के बाद उठी भट्ठा कारोबारी लाश

चांदा थाना क्षेत्र के सिंहौली गांव में हत्या के बाद भट्ठा कारोबारी उमाशंकर मौर्य की लाश को पांच दिन से घर पर रखकर अनशन कर रहे परिवार को मनाने में सोमवार को प्रशासन सफल हो सका।

प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्रीय विधायक संतोष पाण्डेय की ओर से परिवार के लोगों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से केन्द्र को सीबीआई जांच के लिए भेजे गए सिफारिशी पत्र की कॉपी सौंपी गई। फिर लम्बी मंत्रणा के बाद परिवार जन शव के अंतिम संस्कार को राजी हुए।

उमाशंकर मौर्य के बड़े भाई रमाकांत मौर्य की भी सितम्बर 2015 में गोलीमार कर हत्या की गई थी। छह माह के अंतराल में उसी परिवार में दोहरे हत्याकांड से आक्रोशित परिवार और आसपास के लोग मांगों के निपटारे तक उमाशंकर का अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़े थे।

जिलाधिकारी और एसपी की ओर से कई चक्रों में वार्ता असफल होने और प्रदेश की विधानसभा में इस मामले की गूंज होने पर सरकार झुकना पड़ा और सीबीआई जांच की सिफारिश का निर्णय लेना पड़ा।

सीबीआई जांच को भेजा गया पत्र  
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सचिव मणि प्रसाद मिश्र ने जिलाधिकारी और एसपी की संयुक्त रिपोर्ट पर केन्द्र के कार्मिक एवं प्रशिक्षण व लोक शिकायत विभाग के सचिव को सीबीआई जांच का सिफारिशी पत्र भेजा है।
वहीं अन्य मांगें जिलाधिकारी की ओर से पूरा करने का भरोसा दिलाया गया है। जिलाधिकारी ने कहा है कि परिवार के लोगों को लखनऊ में मुख्यमंत्री ने मिलने का समय दिया है। मृतक आश्रित को नौकरी देने के लिए भी सीएम से अनुरोध किया गया है।

उन्होंने कहा कि असली मुल्जिमों को सजा मिले और परिवार को सुरक्षा के साथ मुआवजा मिले, इसका प्रयास जारी है।

No comments:

Post a Comment