Monday, 7 March 2016

समंदर के रास्ते 10 आतंकी घुस सकते हैं भारत में, कर सकते हैं बड़ा हमला

समंदर के रास्ते 10 आतंकी घुस सकते हैं भारत में, कर सकते हैं बड़ा हमला

देश के महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमला करने के उद्देश्य से पाकिस्तान से दस संदिग्ध आतंकवादियों के पश्चिमी राज्य में प्रवेश करने की खुफिया रिपोर्ट आने के बाद केन्द्रीय सुक्षा एजेंसियों ने गुजरात और सभी मेट्रो शहरों में अलर्ट जारी किया है। पूरे गुजरात में आज सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और सभी पुलिसकर्मियों की छुटटी रद्द कर दी गयी है। दिल्ली से करीब 200 जवानों वाली दो एनएसजी टीमों को अहमदाबाद रवाना किया गया है।

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि समुद्र के रास्ते गुजरात में आतंकवादियों के प्रवेश करने के बारे में खुफिया सूचना मिलने के बाद सभी महत्वपूर्ण ठिकानों, संवेदनशील औद्योगिक स्थलों और धार्मिक जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की सलाह जारी की गयी है। शुक्रवार को भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे कच्छ के समुद्र तटीय कोटेश्वर क्रीक इलाके में सुरक्षाकर्मियों द्वारा देखे जाने के बाद मछली पकड़ने वाली एक नौका में सवार लोग भाग गये थे जिसके बाद बीएसएफ के एक गश्ती दल ने एक खाली पाकिस्तानी नौका जब्त कर ली थी। इससे सुरक्षा चिंताएं बढ़ गयी हैं।

सूत्रों ने बताया कि कल शिवरात्रि होने के कारण सोमनाथ और अक्षरधाम मंदिर जैसे गुजरात के प्रमुख धार्मिक स्थानों और मुंबई, दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता और बेंगलूरू जैसे मेट्रो शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। रेलवे स्टेशनों और हवाई अड्डों जैसे राज्य के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।

उन्होंने बताया कि पठानकोट एयरबेस पर दो जनवरी को हुये आतंकी हमले को देखते हुये सुरक्षा एजेंसियां कोई जोखिम मोल नहीं लेना चाहती है और किसी भी संभावित आतंकी हमले को रोकने के लिए सभी संभावित कदम उठाने के लिए निर्देश दिये गये हैं। गुजरात के पुलिस उपायुक्त पीसी ठाकुर ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। इसके साथ ही आज तड़के से पुलिसकर्मियों को राजमार्गों पर गश्त लगाते हुये देखा जा रहा है।

ठाकुर ने कल देर रात आदेश जारी कर सभी पुलिसकर्मियों की छुटटी रद्द कर दी और कहा कि वे किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, हम हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। हमने विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है। हम उन स्थानों को भी संवेदनशील मान रहे हैं जहां पर बहुतायात में लोग आते-जाते हैं।

आज तड़के और कल देर रात गांधीनगर में गह सचिव पी के तनेजा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गयी। हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि कोलकाता में 24 घंटे के भीतर एनएससी बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अडडे को उड़ाने की एक ई-मेल से मिली धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। अधिकारियों ने बताया कि हवाई अडडे के प्रबंधक के आईडी पर आज तड़के ई-मेल आया और इसे जर्मनी से भेजे जाने का दावा किया गया है।

No comments:

Post a Comment