Monday, 7 March 2016

ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद पर साउथ अफ्रीका को हराकर सीरीज 1-1 से बराबर की

ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद पर साउथ अफ्रीका को हराकर सीरीज 1-1 से बराबर की

ऑस्ट्रेलिया ने जॉहेनसबर्ग में खेले गए बेहद ही रोमांचक टी-20 मैच में साउथ अफ्रीका को आखिरी गेंद पर 5 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने...

ऑस्ट्रेलिया ने जॉहेनसबर्ग में खेले गए बेहद ही रोमांचक टी-20 मैच में साउथ अफ्रीका को आखिरी गेंद पर 5 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज़ को 1-1 से बराबर कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में 11 रनों की दरकार थी। जेम्स फॉकनर ने संयम से बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को जीत की दहलीज पर पहुंचाया और आखिरी बॉल पर मिचेल मार्श ने 2 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 40 बॉल में 77 रन बनाने वाले डेविड वॉर्नर को मैन ऑफ द मैच का खिताब मिला।

न्यू वॉन्डरर्स स्टेडियम पर ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को बल्लेबाज़ी का न्यौता दिया। साउथ अफ्रीका को पहला झटका डीविलियर्स के रूप में लगा। एबी डीविलियर्स 9 बॉल में 13 रन बनाकर जॉन हेस्टिंग्स की बॉल पर बोल्ड हुए। उसके बाद बल्लेबाजी करने आए फैफ डू प्लेसिस ने डीकॉक के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने तेजी से रन बटोरना जारी रखा। क्विंटन डीकॉक 28 बॉल में 44 रन बनाकर जेम्स फॉकनर की गेंद पर बोल्ड हुए।

जेपी डुमिनी कुछ खास नहीं कर पाए और 14 रन बनाकर चलते बने। डेविड मिलर ने आते ही ऑस्ट्रेलियाई बॉलरों की जमकर खबर ली। उन्होंने 18 बॉल में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। बेहारदीन और क्रिस मॉरिस 3-3 रन बनाकर फॉकनर का शिकार बने। कप्तान डू प्लेसिस ने 41 बॉल में 79 रनों का योगदान दिया। अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाए।

205 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब हुई। एरोन फिंच पहले ही ओवर में कगीसो रबाड़ा की गेंद पर बोल्ड हुए। शेन वॉट्सन 9 और स्टीव स्मिथ 19 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए। चौथे विकेट के लिए डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल ने 161 रनों की साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया को जीत की दहलीज पर लेकर गए। महज 3 गेंदों की भीतर ही डेविड वॉर्नर और मैक्सवेल चलते बने।

ऑस्ट्रेलिया को आखिरी पांच गेंदों में मैच जीतने के लिए 11 रनों की दरकार थी। फॉकनर से सूझ बूझ से बल्लेबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को आखिरी बॉल पर जीत के लिए सिर्फ 2 रन चाहिए थे। मिचेल मार्श ने आखिरी गेंद पर 2 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को एक रोमांचक जीत दिलाई। इस जीत के साथ सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है।

No comments:

Post a Comment