नई दिल्ली
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस अगले साल गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि होंगे। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के सात सदस्यों में अबू धाबी सबसे ताकतवर है। यूएई कभी पाकिस्तान के सबसे करीबी दोस्तों में था। अब भारत और UAE के बीच रणनीतिक भागीदारी की बात हो रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जाएद अल नाहयान को न्योता दिए जाने की जानकारी देते हुए उन्हें भारत का दोस्त बताया है।
क्राउन प्रिंस ने इस न्योते के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया है। पाकिस्तान और यूएई के पहले करीबी संबंध रह चुके हैं। दाऊद इब्राहिम के कभी वहां बड़े आराम से रहने और निवेश करने की रपटें आ चुकी हैं। हाल के समय में यूएई का रुख बदला है। यूएई गल्फ के उन देशों में है, जो ईरान के सामने ताकत के बदलते समीकरणों से चिंतित है। यमन में विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी अरब के हवाई हमलों का समर्थन करने से पाकिस्तान ने इनकार कर दिया था। तभी से उसकी पाकिस्तान से ठन गई थी। नाहयान यूएई की सेना के डेप्युटी सुप्रीम कमांडर भी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले साल अगस्त में यूएई गए थे।भारत और यूएई के बीच राजनयिक संबंध होने के बावजूद पिछले तीन दशक में कोई पीएम यूएई नहीं गया था। क्राउन प्रिंस इस साल फऱवरी में भारत आए थे। मोदी तब प्रोटोकॉल की परवाह न कर उन्हें रिसीव करने एयरपोर्ट गए थे। तब पाकिस्तान की ओर इशारों में अटैक करते हुए दोनों देशों ने कहा था कि आतंकवाद के मामले में सभी देशों की जिम्मेदारी है कि वे नॉन स्टेट ऐक्टर्स पर काबू पाएं। यूएई में करीब 25 लाख भारतीय कामगार हैं। भारत इस वक्त यूएई के सबसे बड़े कारोबारी सहयोगी देशों में एक है। भारत के कच्चे तेल आयात का बड़ा हिस्सा यूएई से आता है।
Courtesy :India times.com
No comments:
Post a Comment