अहमदाबाद
भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान अनूप कुमार ने रविवार को कहा कि वे द एरेना बाय ट्रांसस्टेडिया में जारी कबड्डी वर्ल्ड कप-2016 के बाद इंटरनैशनल कबड्डी से संन्यास ले लेंगे। अनूप ने कहा कि वह हालांकि स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग में खेलते रहेंगे। अनूप की कप्तानी में भारतीय टीम वर्ल्ड कप के मौजूदा संस्करण के सेमीफाइनल में अपना स्थान लगभग पक्का कर चुकी है।
प्रो कबड्डी लीग के चौथे सीजन में अनूप यू मुंबा टीम के कप्तान थे, लेकिन उनकी टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सकी थी। अनूप भारत के सबसे अनुभवी और हरफनमौला कबड्डी खिलाड़ी हैं। अनूप के नेतृत्व में भारतीय टीम 2010 तथा 2014 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकी है। साल 2012 में भारत ने सरकार ने अनूप को उनकी उपलब्धियों के लिए अर्जुन पुरस्कार से नवाजा था। प्रो कबड्डी लीग के पहले सीजन में मोस्ट वैल्यूएबल खिलाड़ी रह चुके अनूप ने यहां कहा, 'मेरे लिए अब राष्ट्रीय प्रतिबद्धता से मुक्त होने का समय आ गया है। अब मैं खुद को पूरी तरह पेशेवर कबड्डी में झोंकना चाहता हूं। राष्ट्रीय टीम में नए खिलाड़ियों को मौका मिले, इसलिए मैं इस वर्ल्ड कप के बाद इंटरनैशनल कबड्डी से मुक्त होना चाहता हूं।'
हरियाणा के गुड़गांव निवासी अनूप हरियाणा पुलिस में कार्यरत हैं। वह कहते हैं कि अपने देश के लिए कबड्डी वर्ल्ड कप जीतना उनका सबसे बड़ा सपना है और उनकी टीम इस सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। बकौल अनूप, 'वर्ल्ड कप जीतना मेरा सपना है। मेरी टीम इस दिशा में मजबती से बढ़ रही है। उम्मीद है कि मेरा और मेरी टीम का यह सपना सच होगा। हमारे देश में बड़ी संख्या में प्रतिभावान कबड्डी खिलाड़ी हैं और अब उनके सामने देश को कबड्डी का सिरमौर बनाए रखने की चुनौती है।' राष्ट्रीय टीम के लिए सबसे पहले 2006 के दक्षिण एशियाई खेलों में खेलने वाले अनूप ने कहा कि प्रो कबड्डी लीग ने उन्हें तथा उनके जैसे तमाम कबड्डी खिलाड़ियों को काफी मान-सम्मान और पैसा दिया है और वह इस लीग में कुछ और साल खेलते रहना चाहते हैं।
Courtesy :India times.com
No comments:
Post a Comment