Sunday, 30 October 2016

एक साथ 83 सैटेलाइट लॉन्च कर विश्व रिकार्ड बनाएगा इसरो

नई दिल्ली (जेएनएन)। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) एक बार इतिहास बनाने की ओर अग्रसर है। अतीत में कई बार विश्व को भारत की क्षमताओं से परिचित करवा चुका इसरो इस बार एक ऐसे मिशन को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है जो अगर सफल रहा तो एक विश्व रिकॉर्ड होगा। 15 जनवरी, 2017 की शुरुआत में इसरो एक ही रॉकेट से 83 सेटेलाइट लांच कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। इन सेटेलाइट्स में तीन भारतीय और 60 अमेरिकी और 20 यूरोप के होंगे। पढ़ें- ISRO की इस सैटेलाइट की मदद से भारतीय सैनिक सर्जिकल स्ट्राइक में हुए कामयाब वर्तमान में एकसाथ सर्वाधिक सैटेलाइट लॉन्च करने का रिकॉर्ड रूस के नाम पर है जिसने 19 जून, 2014 को एक साथ 37 सैटेलाइट लॉन्च किए थे। वहीं अमेरिका ने नवंबर 2013 में 29 सैटेलाइट को लॉन्च किया था। इससे पहले इसी साल जून में भारत ने एकसाथ 20 सेटेलाइट लॉन्च किए थे। इस अभियान के लिए इसरो अपने सबसे भरोसेमंद रॉकेट पीएसएलवी (पोलर सेटेलाइट लांच व्हीकल) के एक्सएल संस्करण को इस्तेमाल करेगा। शशिभूषण ने बताया कि पीएसएलवी-एक्सएल कुल 1600 किलोग्राम वजन लेकर अंतरिक्ष में जाएगा। इसरो की व्यावसायिक इकाई एंट्रिक्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक राकेश शशिभूषण ने यहां कहा, वर्ष 2017 की पहली तिमाही के दौरान एक रॉकेट के जरिये 83 सेटेलाइट लांच किए जाएंगे। ज्यादातर विदेशी सेटेलाइट नैनो सेटेलाइट हैं। सभी सेटेलाइट एक ही कक्षा में स्थापित किए जाएंगे।

Courtesy:jagran.com

No comments:

Post a Comment