केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो पर बुधवार को कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां ईंट-पत्थरों से हमला किया। घटना उस समय हुई जब सुप्रियो कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए एक पुलिस-थाना जा रहे थे।
भारी उद्योग एवं लोक उपक्रम राज्य मंत्री सुप्रियो ने बताया, मैं अपनी पार्टी के कुछ लोगों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए थाना जा रहा था। मुझ पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईंट से हमला किया। उन्होंने काले झंडे भी दिखाए। मैं नहीं जानता कि पुलिस ने भीड़ को मेरी कार के पास क्यों आने दिया। घटना के वीडियो फुटेज से जाहिर होता है कि एक पत्थर सुप्रियो के सीने पर आ लगा। भाजपा सूत्रों ने बताया कि हमले में केंद्रीय मंत्री को चोट लगी है।
दुर्गापुर-आसनसोल के पुलिस आयुक्त एलएन मीणा ने बताया कि घटना के सिलसिले में 57 लोगों लोगों गिरफ्तार किया गया है। उनके मुताबिक, भाजपा समर्थकों ने तृणमूल नेता और मंत्री मलय घटक के घर का घेराव करने की योजना बनाई थी। जिस वक्त संकट शुरू हुआ उस वक्त घटक आसनसोल उत्तर पुलिस-थाना इलाके में थे।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताआंे को घटक के आवास की ओर जाने से रोक दिया गया, जिससे वे आसनसोल दक्षिण पुलिस-थाना की ओर बढ़े। इसी दौरान भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच कथित झड़प हुई।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि उनकी पार्टी ने मंगलवार को इलाके में गाय तस्करी के खिलाफ प्रदर्शन किया था। तभी तृणमूल कार्यकर्ताआंे ने उनकी पिटाई की। भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस भी कथित तौर पर उठा ले गई, जिनकी सुप्रियो रिहाई सुनिश्चित कराना चाहते थे।
Courtesy:livehindusthan.com
No comments:
Post a Comment