नई दिल्ली
पंजाब के कप्तान युवराज सिंह की बेहतरीन पारियों (177, 76) की बदौलत पंजाब ने रविवार को रणजी ट्रोफी के दूसरे दौर के मुकाबले में मध्य प्रदेश को 126 रनों से हरा दिया। हरियाणा के चौधरी बंसी लाल क्रिकेट स्टेडियम में हुए ग्रुप-ए के इस मैच में पंजाब ने अपनी पहली पारी में युवराज और गुरकीरत सिंह (103) की शतकीय पारियों की बदौलत 378 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में मध्य प्रदेश पहली पारी में सिर्फ 247 रन बना सकी।
मध्य प्रदेश की पारी समेटने में मनप्रीत गोनी (36/6) की भूमिका अहम रही। युवराज दूसरी पारी में भी पंजाब के सर्वोच्च स्कोरर रहे। युवराज ने नौ विकेट पर 175 के स्कोर पर पंजाब की दूसरी पारी घोषित कर दी और मध्य प्रदेश के सामने चौथी पारी में जीत के लिए 307 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। इसके बाद पंजाब ने गोनी (41/4) की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत मध्य प्रदेश की दूसरी पारी 180 रनों पर समेट दी और 126 रनों से जीत हासिल की।
तमिलनाडु ने रेलवे को रौंदा
एक अन्य मुकाबले में तमिलनाडु ने ग्रुप-ए में रविवार को लोहानु क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मैच में रेलवे को 174 रनों से हराया। तमिलनाडु पहली पारी में तो महज 121 रन बना पाई, लेकिन दूसरी पारी में कप्तान अभिनव मुकुंद (100) और उपकप्तान दिनेश कार्तिक (163) की शतकीय पारियों की बदौलत उसने 452 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। तमिलनाडु के स्कोर के जवाब में पहली पारी में 173 रन बनाने वाली रेलवे की दूसरी पारी 226 रनों पर सिमट गई और उसे हार का सामना करना पड़ा।
Courtesy :India times.com
No comments:
Post a Comment