Monday, 17 October 2016

मालदा में दो गुटों के संघर्ष के बाद सांप्रदायिक तनाव


मालदा जिले में एक उग्र भीड़ में अफवाह फैलने के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिसके बाद कई दूकानों और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। भीड़ ने पुलिस थाने का भी घेराव किया। क्षेत्र में किसी ने यह अफवाह फैला दी कि अल्पसंख्यक समुदाय के उपासना स्थल को नुकसान पहुंचाया गया है। जिले के चंचोल कस्बे में अभी भी माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है।

इस संघर्ष के दौरान कई लोग घायल भी हो गए। कई दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई है। मालदा रेंज के डीआईजी जे. के. पाल ने बताया कि गड़बड़ी शनिवार को शुरू हुई जब चांचोल और आस-पास के कालीग्राम गांवों में लाउडस्पीकरों से घोषणा की गयी कि चांचोल में एक पूजा स्थल को तोड़ा किया जा रहा है। अफवाह के बाद उत्तेजित लोग चांचोल में एकत्र हुए तथा दुकानों और वाहनों को निशाना बनाया।

DIG ने बताया कि वह क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। पाल ने घोषणा को अफवाह बताया।उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार लोग रविवार को फिर थाने के सामने एकत्र हुए और इसका घेराव किया। पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है। नॉर्थ 24 परगना जिले के हाजीनगर औ मालदा के चंचोल में लॉ ऐंड ऑर्डर की स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस ने चंचोल में बाहरी लोगों के प्रवेश पर फिलहाल पाबंदी लगा रखी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस थाने पर भी पथराव किया। पुलिस ने उपद्रवियों को भगाने और शांत करने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। हालात को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया। हालात को नियंत्रण में न कर पाने के कारण भीड़ ने पुलिस को निशाना बनाया। CPM विधायक सुजान चक्रवर्ती और कांग्रेस नेता अब्दुल मन्नान ने हाजीनगर में स्थिति का जायजा लिया।

सुजान ने कहा, 'हालात बहुत ही खराब हैं। सराकर को शांति व्यवस्था कायम करने के लिए कठोर कदम उठाने चाहिए। हम शांतिपूर्ण सौहार्द कायम करने के लिए सराकर की सहायता करने के लिए तैयार हैं।' तृणमूल के नेताओं ने भी हाजीनगर में एक शांतिमार्च निकाला।

Courtesy :India times.com

No comments:

Post a Comment