Sunday, 23 October 2016

अगले फीफा वर्ल्ड कप का मैस्कॉट होगा 'भेड़िया'

मॉस्को
रूस में 2018 में आयोजित होने वाले फीफा वर्ल्ड कप का मैस्कॉट भेड़िया (वुल्फ) को चुना गया है। वर्ल्ड कप के लिए मैस्कॉट के चुनाव हेतु जनता की ओर से किए गए मतदान के बाद निकले परिणाम के तहत शनिवार को टेलीविजन चैनल के जरिए इसकी घोषणा की गई। इस भेड़िए मैस्कॉट का नाम जाबिवाका होगा। समाचार एजेंसी तास की रिपोर्ट के अनुसार, सार्वजनिक मतदान 23 सितंबर को फीफा की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल नेटवर्क पर शुरू हुआ था, जो गुरुवार को समाप्त हुआ।

शुक्रवार को लोगों को 'चैनल वन' की आधिकारिक वेबसाइट पर मैस्कॉट के लिए मतदान करने की भी अनुमति दी गई। सार्वजनिक मतदान के परिणाम की घोषणा 'चैनल वन' के एक कार्यक्रम 'वेचर्नी अर्जेंट' में की गई। रूस के उप प्रधानमंत्री और रूस-2018 आयोजन समिति के चेयरमैन विताली मुतको ने कहा, 'रूस और चैंपियनशिप के प्रचार के लिहाज से यह शुभंकर काफी महत्वपूर्ण है।' मुतको ने कहा, 'यह एक स्मृति है। आपको याद है, जब 1980 में मिश्का को अलविदा कहा गया था, तो सब किस प्रकार भावुक हुए थे।'

मैस्कॉट के चुनाव के लिए अभियान अप्रैल 2015 में शुरू हो गया था। करीब 50,000 युवा प्रशंसकों ने इस मतदान में हिस्सा लिया और 10 लोकप्रिय किरदारों को चुना। इस अभियान के दूसरे चरण में आर्ट कॉलेजों के छात्रों ने हिस्सा लेते हुए इन किरदारों का निर्माण किया। रूस में 2018 वर्ल्ड कप के लिए चुने गए मैस्कॉट जाबिवाका का निर्माण करने वाले तॉम्स्क स्टेट यूनिवर्सिटी में ग्राफिक डिजाइन कॉलेज के छात्र येकतेरिना बोटारोवा हैं। रूस में फीफा वर्ल्ड कप का आयोजन 2018 में 14 जून से 15 जुलाई तक होगा।

Courtesy:indiatimes.com

No comments:

Post a Comment