Monday, 24 October 2016

रिटायर्ड जजों की नियुक्ति से होगा लंबित मामलों का निपटारा ?

पत्र में तर्क दिया गया है कि कुछ माह के लिए ये नियुक्तियां की जाएं तो लंबित मामलों की सुनवाई कर उनकी संख्या को कम किया जा सकता है।

कोलकाता, जागरण संवाददाता। बड़ी संख्या में लंबित मामलों के निपटारे के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायधीश गिरीश गुप्ता ने सेवानिवृत्त जजों की नियुक्ति का आग्रह किया है। इसे लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर को एक पत्र लिखा है। इसकी जानकारी कोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी है।

अधिकारी के अनुसार कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गिरीश गुप्ता ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर को पत्र लिख कर उनसे हाई कोर्ट के तीन पूर्व न्यायाधीशों और एक वर्तमान न्यायाधीश की (उनकी सेवानिवृत्ति के बाद) नियुक्ति करने का अनुरोध किया है।

अधिकारी का कहना है कि पत्र में तर्क दिया गया है कि कुछ माह के लिए ये नियुक्तियां की जाएं तो लंबित मामलों की सुनवाई कर उनकी संख्या को कम किया जा सकता है। अधिकारी के मुताबिक कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने तीन सेवानिवृत्त न्यायाधीशों अशोक दास अधिकारी, सौमित्र पाल और एसएस साधु की कलकत्ता हाई कोर्ट में कार्यवाही के दौरान नियुक्ति करने के लिए प्रस्ताव दिया है। साथ ही उन्होंने अगले साल फरवरी में सेवानिवृत्त होने जा रहे न्यायमूर्ति इंद्रजीत चटर्जी को भी उनकी सेवानिवृत्ति के बाद नियुक्त किए जाने का अनुरोध किया है।

Courtesy:jagran.com

No comments:

Post a Comment