कोलकाता: टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच ईडन गार्डन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी के बाद तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने अपने ‘बेजोड़ गेंदबाजी प्रदर्शन’ की तारीफ करते हुए कहा ईडन गार्डन्स पर दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारत की रन गति पर अंकुश लगाये रखना महत्वपूर्ण रहा. भारत शुरूआती झटकों से उबरने में नाकाम रहा और उसने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 239 रन ही बना पाए हैं.
न्यूजीलैंड की तरफ से सर्वाधिक तीन विकेट लेने वाले हेनरी ने कहा, ‘‘आज हमने जिस तरह की गेंदबाजी की वह बेजोड़ थी. हम समझते थे कि हमें उनकी रनगति पर अंकुश लगाये रखना होगा क्योंकि इन परिस्थतियों में विकेट हासिल करना बहुत मुश्किल है. ’’ विकेट लंबे समय तक कवर से ढका रहा जिससे न्यूजीलैंड ने पहले क्षेत्ररक्षण का न्यौता मिलने पर इसका फायदा उठाया. हेनरी ने कहा, ‘‘हम जानते थे कि नयी गेंद का फायदा उठाना महत्वपूर्ण था क्योंकि विकेट पर लंबे समय तक कवर रहा. इसलिए यह खेल का महत्वपूर्ण दौर रहा. ’’
उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित तौर पर यहां आकर आप दिन के शुरू में इस तरह की परिस्थितियों की उम्मीद नहीं करते और इसलिए हम जानते थे कि हमें इसका अधिक से अधिक फायदा उठाना है. जब हमें विकेट नहीं मिले तो हमने दबाव बनाने के तरीके अपनाये और गेंदबाजी समूह के रूप में हमारी यह रणनीति कारगर साबित हुई. ’’
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने गर्म और उमस भरी परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन किया. भारत की तरफ से केवल चेतेश्वर पुजारा (87) और अंजिक्य रहाणे (77) ही अच्छा प्रदर्शन कर पाये. हेनरी ने कहा कि कल भी कसी हुई गेंदबाजी करना महत्वपूर्ण होगा. उन्होंने कहा, ‘‘हमें दबाव बनाये रखना होगा. हमारे स्पिनरों ने आज बेजोड़ प्रदर्शन किया. जीतन पटेल और मिशेल सैंटनर ने बहुत अच्छी भूमिका निभायी जिससे हम उन पर दबाव बनाने में सफल रहे जिसका हमें आखिर में फायदा मिला. कल पहले घंटे का खेल महत्वपूर्ण होगा.’’
Courtesy :abplive. In
No comments:
Post a Comment