भारतीय सीमा में घुसा चीनी दल, उपकरण छोड़ भागा

चीन की रोड कंस्ट्रक्शन टीम पिछले हफ्ते अरुणाचल प्रदेश के तूतिंग में करीब एक किलोमीटर अंदर तक घुस आई थी। सरकारी सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सैनिकों के विरोध पर वे लौट गए। हालांकि, इस दौरान वे खुदाई और सड़क बनाने में काम आने वाले कई उपकरण छोड़ गए। अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, चीनी दल में सैनिकों के साथ असैन्य लोग भी थे। यह घटना 28 दिसंबर की है। करीब चार महीने पहले सिक्किम सेक्टर में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच डोकलाम गतिरोध खत्म हुआ था। सूत्रों ने बताया कि 28 दिसंबर को तूतिंग क्षेत्र में भारतीय पेट्रोलिंग टीम ने भारतीय क्षेत्र में एक किलोमीटर अंदर कुछ चीनियों को सड़क बनाने से जुड़ा काम करते देखा। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कोई टकराव नहीं हुआ और इस मुद्दे को सुलझाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, सड़क बनाने में काम आने वाले उपकरण वास्तविक नियंत्रण रेखा के पार भारतीय क्षेत्र में पड़े हुए हैं।
No comments:
Post a Comment