महाराष्ट्र: शाम में वापस लिया गया बंद, सड़क और रेल यातायात प्रभावित

भीमा कोरेगांव की लड़ाई की 200वीं वर्षगांठ से जुड़े कार्यक्रम के बाद भड़की हिंसा के विरोध में आयोजित महाराष्ट्र बंद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। इस वजह से राज्य की राजधानी मुंबई में रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुए। भारिप बहुजन महासंघ नेता और डॉ बाबासाहेब अंबेडकर के पोते प्रकाश अम्बेडकर ने महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया था। शाम करीब पांच बजे बंद को वापस ले लिया गया जिसके बाद मायानगरी की जिंदगी धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी। प्रकाश अम्बेडकर ने राज्य सरकार पर दो दिन पहले पुणे जिले के भीमा कोरेगांव गांव में हिंसा रोकने में 'विफल' रहने का आरोप लगाते हुए बंद का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारियों ने सिटी बसों पर हमला किया और उपनगरीय लोकल सेवाओं को रोक दिया। आंदोलनकारियों ने शहर में विभिन्न स्थानों पर सड़कों को अवरूद्ध कर दिया। इससे मुंबई में जनजीवन प्रभावित हो गया। दलित समुदाय के लोगों ने उपनगरीय चेम्बूर, घाटकोपर, कामराज नगर, विक्रोली, दिंडोशी, कांदिवली, जोगेश्वरी, कालानगर और माहिम में प्रदर्शन किया। इसके अलावा हार्बर लाइन पर ट्रेनों का परिचालन कुछ समय के लिए रोक दिया गया।
No comments:
Post a Comment