गोधरा अग्निकांड: वांटेड याकूब पटालिया 16 साल बाद गिरफ्तार
गोधरा अग्निकांड मामले में 16 साल से फरार एक आरोपी को गुजरात पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि गोधरा बी डिविजन पुलिस की एक टीम ने याकूब पटालिया को गोधरा से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उसे मंगलवार सुबह एक इलाके में देखा गया है। उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस को आरोपी की मौजूदगी के बारे में सूचना मिली जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी याकूब पटालिया को विशेष जांच टीम (एसआईटी) को सौंप दिया जाएगा जो मामले की जांच कर रही है। 63 साल के याकूब पटालिया पर उस भीड़ में शामिल होने का आरोप है जिसने 27 फरवरी, 2002 के दिन गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बों में आग लगाई थी।



















