Sunday, 4 September 2016

‘’उमेश यादव हैं भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाज़ों में सबसे बेहतरीन फ़ील्डर’’

रॉबिन सिंह की नज़र में एबी डीविलियर्स हैं दुनिया के सबसे बेहतरीन फ़ील्डर

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर और 2007 वर्ल्ड टी20 में फ़ील्डिंग कोच रह चुके रॉबिन सिंह ने टीम इंडिया के गेंदबाज़ों में उमेश यादव को सबसे अच्छा फ़ील्डर माना है। साथ ही उनकी नज़र में मौजूदा दौर के सबसे बेहतरीन फ़ील्डर हैं दक्षिण अफ़्रीका के दिग्गज एबी डीविलियर्स।

52 वर्षीय रॉबिन सिंह ने उमेश यादव के बारे में कहा कि उनके कंधों में काफ़ी ताक़त है और साथ ही वह मैदान पर तेज़ दौड़ते हैं। रॉबिन सिंह ने ये बातें एक इंग्लिश खेल पत्रिका से बातचीत के दौरान कही।

''एबी डीविलियर्स मेरी नज़र में इस वक़्त दुनिया के सबसे बेहतरीन फ़ील्डर हैं। भारतीय गेंदबाज़ों की बात करें तो इसमें उमेश यादव बेस्ट हैं। वह तेज़ भी हैं और मैदान पर काफ़ी फुर्तीले। अपने मज़बूत कंधों से वह सीमा रेखा से तेज़ थ्रो भी करते हैं।'': रॉबिन सिंह

रॉबिन सिंह ने टीम इंडिया की जमकर तारीफ़ की और कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम इस वक़्त एक बेहतरीन फ़ील्डिंग यूनिट है। रॉबिन सिंह ने टीम इंडिया के फ़ील्डर्स को ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ़्रीका से भी मिलाया।

''भारतीय क्रिकेट टीम इस वक़्त ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ़्रीका जैसी फ़ील्डिंग यूनिट है। ज़्यादातर खिलाड़ी इस वक़्त 20 और 30 साल के बीच हैं, और अगर आप इस उम्र में भी अच्छी फ़ील्डिंग नहीं कर सकते तो फिर कभी नहीं कर सकते। आपको फ़ील्डिंग 13 साल से ही सीखना चाहिए। आपको गिरने या चोट लगने से डर नहीं लगना चाहिए, एक अच्छे फ़ील्डर के लिए बेहतरीन एथलीट होना भी ज़रूरी है।'' : रॉबिन सिंह

रॉबिन सिंह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के कोच और सीपीएल में बारबोडस ट्राइडेंट्स के साथ भी रह चुके हैं। उन्होंने टी20 में भी फ़ील्डिंग की अहमियत पर ख़ास ध्यान देने की बात कही।

''टी20 में सिर्फ़ मज़बूत टीम को ही सफलता नहीं मिलती बल्कि इसके लिए हर खिलाड़ी का रोल अहम होता है और इसमें फ़ील्डिंग भी महत्वपूर्ण है।'' : रॉबिन सिंह

Courtesy: sports keeda. Com

No comments:

Post a Comment