Thursday, 15 September 2016

पैरालंपिक: वॉर्मअप के फेर में इंडियन एथलीट का छूटा इवेंट, घरवालों ने कहा-हुई साजिश!

रियो डि जनेरियो। रियो पैरालंपिक में भारत के लिए एक चौंकाने वाली घटना घटी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जिस इवेंट में देवेंद्र झाझरिया ने गोल्ड जीता, उसमें सुंदर सिंह गुर्जर भी मेडल के दावेदार थे। पर एक मिनट 20 सेकंड देर से पहुंचने के कारण वे डिसक्वालिफाई कर दिए गए। पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (पीसीआई) ने मामले की जांच की बात कही है।

इस बारे में पीसीआई के ट्रेजरर धीरज उपाध्याय ने बताया कि सुंदर सिंह इवेंट से पहले सभी खिलाड़ियों के साथ वॉर्मअप कर रहे थे। नाम पुकारे जानें पर सुंदर सिंह के अलावा सभी टाइम पर पहुंचे। शायद वॉर्मअप पर उनका ध्यान ज्यादा रहा और वे नाम नहीं सुन पाए।

जीजा का आरोप, सुंदर के साथ हुई साजिश

सुंदर के जीजा शेर सिंह खटाना ने सुंदर के खिलाफ साजिश होने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि सुंदर जब वॉर्मअप के बाद कॉलरूम में लौट रहे थे, तब उन्हें किसी ने माला पहनाई। उसकी महक से वे कुछ पल के लिए होश खो बैठे और उन्हें देर हो गई। वहीं दूसरी ओर, सुंदर के भाई ने दावा किया कि अंग्रेजी नहीं समझ पाने की वजह से ऐसा हुआ। बता दें कि ऑर्गनाइजर्स ने उन ज्यादातर खिलाड़ियों को ट्रांसलेटर मुहैया कराए थे जो अंग्रेजी नहीं समझते। लेकिन सुंदर के पास कोई ट्रांसलेटर नहीं था।

सुंदर ने झाझरिया पर लगाया था आरोप

2 अगस्त, 2016 को शेर सिंह खटाना ने आरोप लगाया था कि झाझरिया सुंदर को डोप टेस्ट में फंसाने के लिए साजिश रच रहे हैं। उन्हें जूस या खाने में प्रतिबंधित पदार्थ दिया जा सकता है।

निराश पर, हारा नहीं, खुद को करूंगा साबित

इस मामले के बाद सुंदर ने कहा कि अब जो हो गया वह हो गया। अगले साल ही वर्ल्ड चैम्पियनशिप है। मैं उसमें खुद को साबित कर दूंगा। मुझे दुख है कि मैं बिना मेडल के ही वापस आऊंगा।

क्यों थे मेडल के सबसे बड़े दावेदार?

जैवेलिन थ्रो के एफ46 इवेंट में देवेंद्र झाझरिया के साथ रिंकू हुड्डा (पांचवां स्थान) और सुंदर सिंह गुर्जर ने हिस्सा लिया। तीनों में सुंदर मेडल के सबसे तगड़े दावेदार थे। उन्होंने इसी साल मार्च में पैरा-नेशनल में 68.42 मीटर जैवेलिन फेंका था। इसके अलावा, इसी साल दुबई में आईपीसी एथलेटिक्स ग्रांप्री में गोल्ड जीता था।

अब भारत के पास कुल 12 मेडल

देवेंद्र से पहले हाई जम्प में मरियप्पन थंगावेलु ने गोल्ड और वरुण सिंह भाटी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। दीपा मलिक ने एक दिन पहले शॉटपुट में सिल्वर जीता था। अब तक हुए पैरालंपिक गेम्स में भारत के मेडल्स की संख्या 12 हो गई है। इनमें 4 गोल्ड, 4 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज हैं।

Courtesy: ibnkhabar.com

No comments:

Post a Comment