Tuesday, 13 September 2016

अरुणाचल के राज्यपाल राजखोवा हटाए गए

अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल जेपी राजखोवा का सोमवार को पद से हटा दिया गया। राजखोव अपना पद छोड़ने से इनकार कर रहे थे जिसके बाद राष्ट्रपति भवन से यह फैसला दिया गया। मेघालय के राज्यपाल वी शणमुगानाथन को अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। 

राजखोवा को 12 मई 2015 को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। सरकार ने उनमें विश्वास खो देने की सूचना राष्ट्रपति को दी थी, जिसके बाद उन्हें हटाया गया। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पिछले हफ्ते राष्ट्रपति से मुलाकात की थी और उन्हें इस बात से अवगत कराया था कि राज्य में कांग्रेस सरकार की बर्खास्तगी को लेकर इनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद से पद पर राजखोवा का बने रहना उचित नहीं है। सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद केंद्र ने राजखोवा से पद छोड़ने को कहा था लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। 

वहीं, राजखोवा ने कहा कि वह इस्तीफा नहीं देंगे बल्कि बर्खास्त होने के लिए तैयार हैं। राज्यपाल ने सोमवार को गुवाहाटी में एक चैनल से कहा कि मैं चाहता हूं कि राष्ट्रपति मुझे बर्खास्त करें। मैं इस्तीफा नहीं दूंगा। राष्ट्रपति अपनी नाराजगी जाहिर करें। सरकार संविधान के अनुच्छेद 156 के प्रावधानों का इस्तेमाल करें। राजखोवा ने कहा कि अरूणाचल में कांग्रेस सरकार को उच्चतम न्यायालय द्वारा बहाल कर दिए जाने के हफ्तों बाद उन्हें स्वास्थ्य आधार पर इस्तीफा देने को कहा गया। राजखोवा ने राष्ट्रपति को पत्र लिख कर भी अपना रुख स्पष्ट किया और यह पत्र मुखर्जी ने गृह मंत्रालय को भेजा। राजखोवा 1968 बैच के आईएएस अधिकारी थे। वह राज्यपाल नियुक्त होने से पहले असम के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

Courtesy: livehindusthan. Com

No comments:

Post a Comment