Monday, 12 September 2016

अगले महीने से दौड़ेगी हमसफर ट्रेन, किराया होगा 20 फीसदी ज्यादा

नई दिल्ली
राजधानी, शताब्दी और दुरंतो ट्रेनों में सर्ज प्राइसिंग शुरू करने के बाद भारतीय रेलवे अगले महीने से 'हमसफर' ट्रेनों को चलाने जा रहा है। इन ट्रेनों का किराया सामान्य मेल या ऐक्सप्रेस सेवाओं से तकरीबन 20 फीसदी ज्यादा होगा।

रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने 2016-17 के रेल बजट में 'हमसफर' ट्रेनों का ऐलान किया था। ये ट्रेनें एक खास श्रेणी की सेवा ही उपलब्ध कराएंगी यानी इनमें केवल एसी 3 कोच ही रहेंगे। शुरुआत में इस ट्रेन सेवा के नई दिल्ली से गोरखपुर के बीच शुरू होने की संभावना है।

रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि हमसफर ट्रेन रातभर के सफर के लिए विशेष सेवाओं वाली इंटरसिटी ट्रेन है। इसमें मौजूद सेवाएं दूसरे एसी 3 कोचों में नहीं मिलेंगी। हमसफर ट्रेनों में सीसीटीवी, जीपीएस आधारित पैसेंजर इन्फर्मेशन सिस्टम, आग और धुएं को पकड़ने और रोकने वाला सिस्टम और हर बर्थ पर मोबाइल, लैपटॉप के चार्जिंग पॉइंट होंगे। इसमें इंटीग्रेटेड ब्रेल डिस्प्ले भी होगा।

इसके अलावा हमसफर की खूबसूरती भी दूसरी ट्रेनों से बेहतर होगी। ट्रेन के अंदर और बाहर का डिजाइन भी बदला जाएगा और महाराजा एक्सप्रेस की तरह विनाइल शीट्स यूज होगी।

एक रेलवे अधिकारी ने बताया, 'इस विशेष सेवा वाली ट्रेन कई आधुनिक सुविधाएं हैं, जिससे रेलवे पर ज्यादा भार आया है। इसलिए इसका किराया भी ज्यादा रहेगा।' हालांकि उन्होंने किराये के बारे में जानकारी नहीं दी और कहा कि अभी यह तय नहीं हुआ है, पर यह 20 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों से फीसदी से ज्यादा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जिन रूट पर इंटरसिटी की ज्यादा मांग होगी, वहीं हमसफर ट्रेनों को चलाया जाएगा।

मालूम हो कि रेलवे ने 9 सितंबर से राजधानी, शताब्दी और दुरंतो ट्रेनों में सर्ज प्राइसिंग लागू की है, जिससे केंद्र सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर है।

Courtesy: India times. Com

No comments:

Post a Comment