Friday, 16 September 2016

भारत लौटने के लिए आपात प्रमाणपत्र ले सकते हैं माल्या: विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली, प्रेट्र । भगोड़े कारोबारी विजय माल्या के दावे को खारिज करते हुए सरकार ने कहा है कि विदेश में फंसे किसी भारतीय की स्वदेश वापसी में अड़चन नहीं है। सरकार ने कहा है कि कोई भी नागरिक लौटने के लिए नजदीकी भारतीय दूतावास या उच्चायोग में स्वदेश वापसी के लिए आपात प्रमाणपत्र लेने संबंधी आवेदन सौंप सकता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने गुरुवार को रेखांकित किया कि आपात प्रमाणपत्र भारतीय नागरिक को स्वदेश लौटने के लिए मुहैया कराया जाता है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा माल्या को भी उपलब्ध है। उनकी इच्छा है तो वह इसके लिए आवेदन दे सकते हैं। वर्तमान में लंदन में रह रहे माल्या ने अपने वकील के माध्यम से चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट को बताया है कि उनका पासपोर्ट निलंबित कर दिया गया है इसलिए वह लौट नहीं पा रहे हैं। माल्या के खिलाफ यहां की अदालत में समन को हल्के में लेने का मामला दर्ज है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हमारी स्थिति बिलकुल साफ है। यदि किसी भारतीय नागरिक के पास किसी कारण से वैध यात्रा दस्तावेज नहीं है तो आपात प्रमाणपत्र के लिए उसे केवल भारतीय दूतावास या उच्चायोग से संपर्क करना होगा। पढ़ें- सेवा कर विभाग ने कहा, माल्या के जेट की निलामी रद होनी चाहिए

Courtesy: jagran. Com

No comments:

Post a Comment