Thursday, 15 September 2016

नाराज अखिलेश ने मुलायम और शिवपाल से बातचीत की बंद!

लखनऊ
सूत्रों के मुताबिक, अखिलेश ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव और चाचा शिवपाल यादव से बातचीत पूरी तरह बंद कर दी है। उधर मुलायम और उनके भाई व समाजवादी पार्टी (SP) के नव नियुक्त अध्यक्ष शिवपाल यादव के बीच बुधवार को लंबी बातचीत हुई। 4 घंटे लंबी चली इस बैठक का कोई नतीजा नहीं निकल सका। बताया जा रहा है कि शिवपाल ने कैबिनेट में अपने विभाग घटाए जाने के बाद काम फिर से शुरू करने से इनकार कर दिया है। इस मुलाकात के पहले भी शिवपाल ने सैफई में यह संकेत दिया था कि वह अखिलेश के नेतृत्व में काम नहीं करेंगे।

उधर अमर सिंह और शिवपाल के करीबी दोस्त व राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्रा ने भी बुधवार को नई दिल्ली में मुलायम से मुलाकात की। दूसरी ओर लखनऊ में अखिलेश ने दोनों निलंबित किए गए मंत्रियों, गायत्री प्रजापति और राजकिशोर सिंह पर अपना रुख नर्म करने का कोई संकेत नहीं दिया। दीपक सिंघल पर भी उनके रुख में किसी बदलाव का संकेत नहीं है। इतना ही नहीं, अखिलेश ने दिल्ली जाकर बातचीत के द्वारा इस विवाद को सुलझाने की भी कोई कोशिश नहीं की। जहां बाकि नेता मुलायम से मिलने गए, वहीं अखिलेश अपने आवास पर आयोजित एक आधिकारिक कार्यक्रम में शिरकत करते देखे गए।

लंबे समय से चल रहा यह राजनैतिक कलह उस समय खुलकर सामने आया, जब मंगलवार को मुलायम ने विधानसभा चुनाव से ठीक 3 महीने पहले अखिलेश को पार्टी अध्यक्ष के पद से हटाकर शिवपाल को अध्यक्ष बना दिया। इसपर प्रतिक्रिया करते हुए अखिलेश ने शिवपाल के विभागों में कांटछांट की और उनसे प्रमुख कार्यभार वापस ले लिया। इससे शिवपाल को काफी ठेस पहुंची। शायद किसी को भी अखिलेश की ओर से इस तरह की कार्रवाई किए जाने की उम्मीद नहीं थी। राजनैतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस पूरे कलह का असर SP की चुनावी उम्मीदों पर भी पड़ेगा। अब सबकी नजरें शुक्रवार को होने वाली SP की संसदीय बोर्ड बैठक पर जमी हैं।

Courtesy: India times. Com

No comments:

Post a Comment