Saturday, 17 September 2016

सालों बाद आखिरकार बीसीसीआइ ने इस पूर्व कप्तान को भेज दिया न्योता

नई दिल्ली। बीसीसीआइ ने सभी पुरानी बातों को भुलाते हुए आखिरकार उस पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान को न्योता भेज ही दिया जिससे अब तक बोर्ड बचता आया था। ये खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं जिनको 22 सितंबर से कानपुर में होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट के लिए न्योता भेजा गया है। ये मैच भारतीय टेस्ट इतिहास का 500वां टेस्ट हैं जिसके लिए बीसीसीआइ ने सभी पूर्व कप्तानों को निमंत्रण भेजा था। गौरतलब है कि 2000 के मैच फिक्सिंग मामले को लेकर अजहरुद्दीन पर उस समय आजीवन प्रतिबंध लगा था। उसके बाद से बीसीसीआइ ने अजहर को किसी भी आधिकारिक समारोह या इवेंट का न्योता नहीं भेजा। अच्छी बात ये है कि अजहर ने कानपुर टेस्ट के लिए भेजा गया ये न्योता स्वीकार भी कर लिया है और अब तमाम पूर्व भारतीय कप्तानों के बीच अजहर भी मौजूद रहेंगे। क्रिकेट की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें बीसीसीआइ के सीनियर अधिकारी राजीव शुक्ला से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'वो (अजहर) भी भारत के पूर्व कप्तान हैं। सचिन, वेंगसरकर, श्रीकांत और अजहर ने इस टेस्ट के लिए पहुंचकर दिन को खास बनाने की सहमति भी दे दी है। पूर्व कप्तान अजीत वाडेकर ने बोर्ड को सूचना दी है कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है इसलिए वो नहीं पहुंच सकेंगे।' इस मैच में टॉस के लिए भी चांदी का एक खास सिक्का तैयार करवाया जा रहा है। 

Courtesy: jagran. Com

No comments:

Post a Comment