Wednesday, 28 September 2016

सावधान! इस तरह बैंक एटीएम काट रहे हैं आपकी जेब

दूसरे बैंकों के एटीएम इस्तेमाल करने में ग्राहकों की जेब कट रही है। आरबीआई के रैंडम सर्वे के मुताबिक पूरे यूपी में लगभग 35 फीसदी एटीएम आउट ऑफ सर्विस रहते हैं।

इस सर्वे में लखनऊ के करीब 45 एटीएम शामिल हैं। ऐसी स्थिति में ग्राहक मजबूरी में दूसरे बैंकों के एटीएम का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिससे तीन से ज्यादा ट्रांजेक्शन के बाद उनके खाते से बीस रुपए प्रति निकासी की कटौती हो रही है।

एटीएम की सेवाओं को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक के पास शिकायतें आ रही थीं। जिसको लेकर बैंक ने पूरे उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों में एक सर्वे कराया है। लगभग 750 एटीएम के रैंडम सर्वे में 35 फीसदी एटीएम में कोई न कोई खराबी मिली। आरबीआई ने इसकी रिपोर्ट अपने आला अधिकारियों को सौंपी है।

एटीएम ग्राहकों की ऐसे काट रही जेब

भारतीय रिजर्व बैंक के नियमानुसार शहरों में दूसरे बैंक का एटीएम एक महीने में तीन बार से ज्यादा इस्तेमाल करने पर 20 रुपए ट्रांजेक्शन फीस कटेगी। शहरों में एटीएम का हाल बहुत बुरा है।

खुर्रमनगर, आशियाना, जानकीपुरम, गोमतीनगर में तो अक्सर एटीएम बंद या आउट आफ सर्विस रहते हैं। ऐसे में ग्राहक मजबूरन दूसरे बैंकों के एटीएम इस्तेमाल करता है। इसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है।

व्यवस्था पर जिम्मेदारों की अनदेखी हावी

शहर में लगभग 500 एटीएम कार्य कर रहे हैं जिनमें से लगभग 50 एटीएम अक्सरआउट ऑफ सर्विस रहते हैं। एटीएम का सिस्टम ऑटोमेटिक है। खराब होने या नोट खत्म होने पर आटोमेटिक एसएमएस संबंधित शाखा प्रबंधक, निर्धारित एजेंसी के अधिकारियों और अन्य अधिकारियों के पास आता है।

इसके बावजूद शहर के कई क्षेत्रों में एटीएम हफ्तों बंद पड़े रहते हैं। इनमें से जानकीपुरम सेक्टर आई का एसबीआई एटीएम और आशियाना बाजार के पास लगे एटीएम का बुरा हाल है।

आरबीआई ने एक सर्वे कराया है जिसमें कहीं-कहीं तो 90 फीसदी एटीएम खराब मिले हैं। इस सर्वे की रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेजी गई है। जिस पर जल्द ही सभी बैंकों को नई गाइडलाइन व निर्देश जारी होने की उम्मीद है।

Courtesy :live hindustan. Com

No comments:

Post a Comment