Saturday, 2 April 2016

आर्थिक प्रगति के कारण दुनिया का ध्यान भारत की तरफ: PM मोदी

आर्थिक प्रगति के कारण दुनिया का ध्यान भारत की तरफ: PM मोदी

रियाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेल से समृद्ध देश सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को रियाद पहुंचे हैं। मोदी ऊर्जा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए सऊदी अरब में तेल से जुड़े सौदे भी कर सकते हैं। इसके अलावा, दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने के साथ ही सुरक्षा और आतंकवाद रोधी सहयोग के लिए कई समझौते होंगे।

भारतीयों को किया संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां भारतीय समुदाय के कुछ लोगों के साथ मुलाकात की। मोदी ने भारतीयों को भी संबोधित किया। भारत ने कम समय में एक बार फिर से दुनिया के मंच पर नई उम्मीदों को जन्म दिया है। मोदी ने कहा कि भारत में आर्थिक प्रगति के कारण दुनिया का ध्यान हमारी की तरफ है। भारत दुनिया के लिए बड़ा योगदान कर सकता है। मोदी ने ये भी कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति की वजह राजनीतिक स्थिरता है।

मोदी रियाद में अल मसमक किला भी पहुंचे।

दोनों देशों में होंगे कई समझौते

विश्व के प्रमुख तेल उत्पादक देशों में से एक सऊदी अरब जल्द ही भारत के साथ बेचने और खरीदने के रिश्ते को और आगे तक बढ़ा सकता है। माना जा रहा है कि दोनों देश संयुक्त उपक्रम के तहत रिफाइनरियों और तेल के कुओं में निवेश करने वाले हैं। इस लिहाज से मोदी खाड़ी देशों में तेल और गैस क्षेत्र का उत्पादन बढ़ाने में तवज्जो देंगे। चूंकि कच्चे तेल के दाम गिरने, तेल के निर्यात और घरेलू खपत में कमी के चलते खाड़ी देशों की अर्थव्यवस्था डावांडोल है। पिछले सात महीनों में मोदी की खाड़ी देश में यह दूसरी यात्रा है। 80 लाख प्रवासी भारतीयों का निवास सऊदी अरब भारत की ऊर्जा संबंधी समस्याओं को सुलझाने की भी अहम चाभी है।

मोदी और सऊदी अरब के नेतृत्व के बीच बातचीत के एजेंडे में आतंकवाद और कट्टरपंथ से खतरा भी होगा। इस्लाम का घर माने जाने वाले इस देश ने आतंकवाद खासकर (आइएस जनित) से मुकाबला करने के लिए हाल ही में 34 मुस्लिम देशों का गठबंधन बनाया है। प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन से शनिवार को खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। यहां के रॉयल टर्मिनल में मोदी का जबरदस्त स्वागत हुआ। उनके स्वागत में हवाई अड्डे पर रियाद के गवर्नर के साथ शाही खानदान के प्रिंस फैजल बिन बादर बिन अब्दुलअजीज के साथ सऊदी अरब के कई बड़े अधिकारी पहुंचे।

सऊदी अरब के बादशाह के मेहमानों के लिए बने महल में मोदी को ले जाया गया। रियाद के बीचोंबीच स्थित यह महल एयरपोर्ट से 35 किमी दूर है। इस महल में सऊदी बादशाह सलमान बिन अब्दुलअजीज अल-सऊद ने मोदी का पूरी गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे महल को बेहद खूबसूरत अंदाज में सजाया गया है। बादशाह सलमान रविवार को मोदी के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर वार्ता करेंगे। उसके बाद दोनों पक्ष सहमति पत्र पर दस्तखत करेंगे। इसके अलावा मोदी युवराज और उप प्रधानमंत्री मुहम्मद बिन नैफ और उप युवराज व रक्षा मंत्री मुहम्मद बिन सलमान से भी मिलेंगे। तीन देशों की यात्रा के आखिरी चरण में मोदी ने सऊदी अरब पहुंचते ही अरबी और अंग्रेजी भाषा में ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि सऊदी अरब पहुंच गया हूं। मुझे लगता है कि द्विपक्षीय संबंध मजबूत होने के साथ ही यह यात्रा बहुत फलदायी होगी!

No comments:

Post a Comment