शेयर बाजार में मामूली सुधार
मुंबई, प्रेट्र। दलाल स्ट्रीट में शुक्रवार को मामूली सुधार आया। निवेशकों ने अंतिम कारोबारी घंटों में चुनिंदा शेयरों में लिवाली की। इससे बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का सेंसेक्स 3.52 अंक सुधरकर 25606.62 अंक पर पहुंच गया। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 2.55 अंक बढ़कर 7849.80 अंक पर बंद हुआ।
हालांकि, साप्ताहिक आधार पर दोनों सूचकांक तीन हफ्तों में पहली बार गिरावट के साथ बंद हुए। इस दौरान सेंसेक्स 231.52 अंक और निफ्टी 49.50 अंक टूटा।
तीस शेयरों वाला सेंसेक्स इस दिन 25612.91 अंक पर मजबूत खुला। इसका निचला स्तर 25424.03 अंक रहा। निवेशकों की लिवाली के झोंके में इसने 25755.43 अंक का ऊंचा स्तर छूआ।
बीएसई के सूचकांकों में रीयल एस्टेट, पावर, हेल्थकेयर, मेटल, तेल एवं गैस और बैंकिंग बढ़े। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 17 के शेयर चढ़े, जबकि 12 में गिरावट दर्ज की गई। हीरो मोटोकॉर्प का शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुआ।
रुपया 19 पैसे सुधरा
मुंबई : रुपये की कीमत में शुक्रवार को तेजी आई। डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा 19 पैसे चढ़कर 66.34 के स्तर पर बंद हुई। बैंकों और निर्यातकों की ओर से अमेरिकी मुद्रा की बिकवाली ने रुपये को बल दिया।
No comments:
Post a Comment