Friday, 29 April 2016

फीस वृद्धि का विरोध करने पर एक करोड़ की मानहानि का नोटिस

नई दुनिया, इंदौर। बेतहाशा फीस वृद्धि के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले अभिभावकों को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) ने एक करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेज दिया। इतना ही नहीं, आंदोलन की अगुवाई करने वाले कुछ अभिभावकों के बच्चों को स्कूल से निकाल भी दिया गया, जबकि कुछ को निकालने की तैयारी है। स्कूल से बच्चों की टीसी और नोटिस मिलने के बाद गुस्साए माता-पिता कलेक्टर के पास पहुंचे। मामले में जब स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया गया तो उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया।

दिल्ली पब्लिक स्कूल द्वारा बीते पांच वर्षो में 110 फीसद तक फीस वृद्धि कर दी गई है। इस वर्ष भी जब स्कूल की ओर से आठ फीसद तक फीस वृद्धि का फरमान जारी किया गया तो अभिभावकों ने जमकर विरोध किया। मार्च में 400 अभिभावकों ने निपानिया स्थित स्कूल पहुंचकर प्रदर्शन किया था और प्रबंधन से बात भी की थी। तब प्रबंधन ने फीस में रियायत की बात कही थी, लेकिन बाद में कोई नतीजा नहीं निकला। इस पर अभिभावकों ने इंदौर पैरेंट्स एसोसिएशन की अगुवाई में फीस वृद्धि वापस लेने और राज्य सरकार से फीस रेग्यूलेशन एक्ट लाने की मांग को लेकर रीगल तिराहे पर काले कपड़े पहनकर विरोध किया था। इससे नाराज स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों की पहचान कर उन्हें एक करोड़ की मानहानि के नोटिस भेज दिए।

सात दिन में जमा करने का फरमान

डीपीएस प्रबंधन ने वकील के माध्यम से अभिभावकों को दिए नोटिस में कहा है कि उनके द्वारा उठाए गए कदम से स्कूल, छात्र और स्टाफ की छवि धूमिल हुई है। इसे मानहानि बताते हुए उन्हें सात दिन में एक करोड़ रुपये जमा करने का कहा गया।

No comments:

Post a Comment