अमेठी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमले तेज करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज उन पर अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में परियोजनाएं ‘‘रद्द कर बदले की राजनीति करने’’ का आरोप लगाया.
अमेठी में मेगा फूड पार्क परियोजना, हिंदुस्तान पेपर मिल परियोजना रद्द किए जाने और राजीव गांधी आईआईआईटी को इलाहाबाद स्थित उसके मुख्य परिसर में स्थानांतरित किए जाने से नाराज राहुल ने कहा कि मोदी विकास परियोजनाओं को रद्द कर अमेठी की जनता को नुकसान पहुंचा रहे हैं.
तीन दिवसीय अमेठी दौरे पर कल यहां आए राहुल ने आज जगदीशपुर में जफरगंज मंडी समिति परिसर में एक सभा में कहा ‘‘नरेंद्र मोदी ने कहा था कि वह बदले की राजनीति नहीं करेंगे लेकिन अमेठी के लोगों के साथ तो वह ऐसा कर ही रहे हैं.’’
उन्होंने कहा ‘‘अमेठी के लोगों की कोई गलती नहीं है.. मोदी विकास की बात करते हैं लेकिन वह उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं.’’ राहुल ने कहा कि जो परियोजनाएं लोगों के जीवन में बदलाव ला सकती थीं वह या तो रद्द कर दी गईं अथवा अन्यत्र भेज दी गईं.
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले और बाद में मोदी द्वारा किए गए वादों खास कर महंगाई कम करने तथा विदेशों में जमा काला धन वापस ला कर हर गरीब व्यक्ति के बैंक खाते में 15-15 लाख रूपये जमा करने वादों को झूठा बताया.
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने लोगों से पूछा कि केंद्र के किसी भी कार्यक्रम से क्या उनमें से कोई भी व्यक्ति लाभान्वित हुआ है ? इस पर लोगों से जवाब मिला ‘‘नहीं.’’
उन्होंने कहा कि मोदी हिन्दुस्तान के विकास की बात करते हैं मगर उनके वादों से एक भी व्यक्ति को लाभ नहीं हुआ. उन्होंने महंगाई कम करने का वादा किया था. आज बताइये दाल का क्या दाम है, क्या दाम कम हुए. मोदी ने 200 रपये की दाल कर दी. मोदी ने कहा कि 15-15 लाख रूपये सभी के खाते में डाल दूंगा, क्या किसी के खाते में पैसे डाले गये.
राहुल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वप्निल परिकल्पना ‘मेक इन इंडिया’ पर करारा तंज करते हुए कहा कि इस परियोजना के तहत एक भी व्यक्ति को रोजगार नहीं मिला.
राहुल ने कहा कि मोदी जहां भी जाते हैं, झूठे वादे करते हैं. उन्होंने करोड़ों युवाओं को रोजगार देने, मेक इन इंडिया बनाने और स्मार्ट सिटी बनाने के वादे किये थे, मगर वे सब छलावा साबित हुए. केंद्र सरकार पर पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के कार्यों को बंद करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि हालांकि मोदी विदेश में जाकर बड़े बड़े भाषण देते हैं लेकिन देश के लिये कुछ नहीं कर रहे हैं. राहुल ने कहा कि मोदी ने उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रपये माफ कर दिये. किसान भले मर जाए लेकिन उसका एक रपया भी नहीं माफ किया. कांग्रेस ने किसानों का 70 हजार करोड़ रपये का कर्ज माफ किया था.
उन्होंने कहा ‘‘हम सरकार में नहीं हैं लेकिन जनता के हित की लड़ाई सड़कों पर, विधानसभा में और लोकसभा में लड़ेंगे. हम जानते हैं कि लोगों को बिजली, पानी और कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.’’
Courtesy: abplive. In
No comments:
Post a Comment