टीम इंडिया के तेज गेंदबाद जसप्रीम बुमराह आईसीसी टी-20 गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। हाल ही में जिम्बाब्वे में खत्म हुई टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले बुमराह को इसका फायदा मिला।
वह गुरुवार को जारी इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की ताजा टी-20 रैंकिंग में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। बुमराह ने इस सीरीज में तीन मैचों में पांच विकेट अपने नाम किए थे। वह टी-20 फॉरमैट में भारत की टॉप रैंकिंग वाले गेंदबाज भी बन गए हैं।
अश्विन को हुआ ना खेलने का नुकसान
इस सीरीज में न खेलने के कारण ऑफ स्पिनर रविचन्द्रन अश्विन को चार स्थान का नुकसान हुआ है और वह सातवें स्थान पर आ गए। इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के सैमुएल बद्री टॉप पर हैं। बुमराह के साथी और सीरीज में सबसे सफल गेंदबाज बरिंदर सरन को रैंकिंग में 225वां स्थान मिला है।
बल्लेबाजों का कुछ ऐसा रहा हाल
बल्लेबाजों में मनदीप सिंह और लोकेश राहुल को क्रम से 100वां और 102वां स्थान मिला है। वहीं, मनीष पांडे को 152वां स्थान और अंबाती रायडू को 217वां स्थान मिला है।केदार जाधव को रैंकिंग में 106वां स्थान हासिल हुआ है। टी-20 में बल्लेबाजों की लिस्ट में भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली टॉप पर बने हुए हैं। उनके पीछे ऑस्ट्रेलिया के एरन फिंच दूसरे नंबर पर और न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल तीसरे नंबर पर हैं।
नंबर-1 होने से चूकी टीम इंडिया
भारत अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज 3-0 से जीत लेता तो वह इस फॉरमैट में टॉप टीम बन जाता। न्यूजीलैंड टी-20 टीमों की रैंकिंग में पहले स्थान पर है। भारत के 128 अंक हैं और वह न्यूजीलैंड से चार अंक पीछे है।
No comments:
Post a Comment